सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोले इमरान मसूद, बराबरी का होता है गठबंधन

New Delhi, 1 मई . उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कांग्रेस-सपा के बीच गठबंधन की चर्चा पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन बराबरी का होता है. कांग्रेस को उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध और रंगदारी बढ़ रही है.

उत्तर प्रदेश में सपा के साथ गठबंधन को लेकर कांग्रेस एक सर्वे भी करवा रही है. जब उनसे पूछा गया कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है, इमरान मसूद ने कहा कि यह उनका मुद्दा नहीं है. यह सब पार्टी तय करेगी, लेकिन पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाना चाहिए. प्रदेश में पार्टी की स्थिति बेहतर होनी चाहिए. मैं अपनी पार्टी को मजबूत करने की बात करता हूं, और यह हर किसी का अधिकार है.

उन्होंने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि हमारी पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़े और उचित हिस्सेदारी मिले. उन्होंने कहा कि गठबंधन बराबरी का होता है, उसमें कोई बड़ा या छोटा नहीं होता है.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘सीट नहीं, जीत’ वाले बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि जब सीट ही नहीं होगी तो जीतकर क्या होगा? जब हमारी सीट ही नहीं होगी तो हम जीतकर क्या करेंगे? फिर तो आप ही जीत जाइए. उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन में इस तरह की बातें नहीं होतीं. हमारे कार्यकर्ताओं की महत्वाकांक्षाएं हैं, उन्हें हम कब तक दबाकर रखेंगे?

उन्होंने पश्चिम बंगाल के Political हालात पर कपिल सिब्बल के बयान का समर्थन किया और कहा कि वह देश के बड़े वकील हैं. देश में जो कुछ भी हो रहा है, वह शर्मनाक है. एक सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कल्याण बनर्जी के साथ मारपीट हुई है.

कर्नाटक में सत्ता हस्तांतरण और नेताओं के लगातार दिल्ली दौरे पर विपक्ष की टिप्पणियों को लेकर उन्होंने कहा, “बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना.” बिना वजह लोग परेशान हो रहे हैं. अरे, यह हमारी पार्टी का मामला है. हमारे नेता फैसले ले रहे हैं, आ-जा रहे हैं, बैठकों में शामिल हो रहे हैं. विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हो रही है. इसमें किसी को क्यों दिक्कत हो रही है?

एएमटी/डीकेपी

Leave a Comment