
Patna, 4 जून . भारतीय प्रबंधन संस्थान बोधगया (आईआईएम) बोधगया ने गैर संकाय (नॉन-फैकल्टी) के 15 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं.
आईआईएम बोधगया की ओर से जारी 15 रिक्तियों में एस्टेट सह परियोजना अधिकारी, कार्यकारी अभियंता (एक्जीक्यूटिव इंजीनियर), प्रशासनिक अधिकारी (प्रशासन), प्रशासनिक अधिकारी (कार्यक्रम), प्रशासनिक अधिकारी (खरीद), वित्त एवं लेखा अधिकारी, कानूनी अधिकारी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी (अंतर्राष्ट्रीय संबंध), सहायक छात्र परामर्शदाता, आईटी एवं कंप्यूटर सहायक, जूनियर सहायक, महिला नर्सिंग स्टाफ और प्रशासनिक कार्यकारी: अनुभाग 8 इनक्यूबेशन सेंटर का 1-1 और कार्यालय सहायक के 2 पद शामिल हैं.
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 3 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 जून तय की गई है. ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आईआईएम-बोधगया के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार बीई/बीटेक, पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री, एमबीए, सीए/एमकॉम, एलएलबी, मनोविज्ञान में मास्टर डिग्री, ग्रेजुएशन डिग्री, बीबीए/बीसीए, नर्सिंग में ग्रेजुएशन, पुस्तकालय विज्ञान में मास्टर डिग्री, वाणिज्य में मास्टर डिग्री आदि होनी चाहिए. इसी के साथ सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है.
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 30 से 55 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और या कौशल परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 35,400 से 2,09,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
–
डीके/वीसी