
सूरजपुर, 27 मार्च . छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में एक महिला पर जानलेवा हमला हुआ. हमलावर उसका ही पति था. महिला घरेलू मारपीट से तंग आकर वृद्धाश्रम में रह रही थी, जहां उसके ही शराबी पति ने जानलेवा हमला किया और इस हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई. इसके साथ ही कोरबा में एक नर्स पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला का पति नशे का आदी है. पति के अत्याचार, मारपीट और घर से निकाल देने के बाद 60 साल की वृद्ध महिला, मीरा सोनी, ग्राम पलमा ने तिलसिवा वृद्धाश्रम में रह रही थी.
आश्रम में उसका शराबी पति जीवन सोनी नशे की हालत में उससे मिलने वृद्धाश्रम पहुंचा था और अपने साथ छुपाकर लाए गड़ासे से जानलेवा हमला कर दिया. वहां मौजूद आश्रम अधीक्षिका, सहायिका सहित अन्य बुजुर्गों ने बीचबचाव कर आरोपी को पकड़ कर कमरे में बंद कर दिया और कोतवाली Police को सूचना दे दी.
इसके साथ ही घायल वृद्धा को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. Police महिला के पति को पकड़कर कोतवाली थाने ले गई.
वहीं, छत्तीसगढ़ के ही कोरबा से एक नर्स पर चाकू से हमला करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी मार्ग से पैदल पैथोलॉजी लैब जा रही एक नर्स पर बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया. आरोपियों ने युवती की पीठ में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं घायल युवती को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है.
Police इस मामले में शामिल अपराधियों की जांच कर रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.
–
एएमटी/एबीएम