न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन, बांग्लादेशी गेंदबाजों ने लगाई वनडे रैंकिंग में छलांग

Dubai , 29 अप्रैल . आईसीसी की ताजा रैंकिंग में बांग्लादेशी तेज गेंदबाजों की तिकड़ी को जबरदस्त फायदा मिला है. शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में मिलकर 18 विकेट हासिल किए, जिसके बाद उनकी रैंकिंग में काफी सुधार देखने को मिला. मेजबान बांग्लादेश ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की.

शोरिफुल इस्लाम गेंदबाजों की वनडे रैंकिंग में 11 पायदान ऊपर चढ़कर 28वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि मुस्तफिजुर ने 14 पायदानों की बड़ी छलांग लगाकर 41वां स्थान हासिल किया.

‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहे नाहिद राणा को इनमें सबसे ज्यादा फायदा हुआ, जो 16 पायदानों की छलांग लगाकर 48वें स्थान पर पहुंच गए. यह आगामी वैश्विक टूर्नामेंट से पहले तेज गेंदबाजी में बांग्लादेश की बढ़ती ताकत को दिखाता है.

वनडे सीरीज में अपने योगदान के बाद बांग्लादेश के बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी सुधार हुआ. लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नजमुल हुसैन शांतो 11 पायदान ऊपर चढ़कर 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि लिटन दास 15 पायदान की छलांग लगाकर 65वें स्थान पर पहुंच गए.

ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज अपनी स्थिति और मजबूत करते हुए वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में एक पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए. उनका असर चटगांव में सीरीज के निर्णायक मैच में देखने को मिला, जहां उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया.

दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज के शुरुआती मुकाबले को बांग्लादेश ने 6 विकेट से अपने नाम किया. इस मैच के बाद टी20 रैंकिंग में भी बांग्लादेशी खिलाड़ियों को फायदा मिला है.

तौहीद हृदय ने सीरीज के पहले मैच में अर्धशतकीय पारी खेलकर सभी को प्रभावित किया. वह टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में 9 पायदान ऊपर चढ़कर 39वें स्थान पर पहुंच गए हैं. परवेज हुसैन इमोन ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया. वह तीन पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं. इनके अलावा, गेंदबाजों में मेहदी हसन तीन पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

इस बीच, नेपाल के खिलाड़ियों को भी यूएई के विरुद्ध घरेलू सीरीज के बाद रैंकिंग में फायदा हुआ. टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में दीपेंद्र सिंह ऐरी 60वें स्थान पर पहुंच गए. कुशल भुर्तेल ने 18 स्थानों की बड़ी छलांग लगाते हुए संयुक्त रूप से 66वां स्थान हासिल किया. इस जोड़ी ने टी20 ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी अपनी स्थिति बेहतर की और क्रमशः चौथे और 23वें स्थान पर पहुंच गए. इस तरह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में नेपाल के लिए यह एक बेहद सफल दौर साबित हुआ.

आरएसजी

Leave a Comment