
बिलासपुर, 26 मई . छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन करते हुए चलती बीएमडब्ल्यू कार के सनरूफ पर युवती का डांस करते हुए वीडियो social media पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद Police ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है.
मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है. Police के अनुसार, बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार (सीजी10 सीए 3999) में यह घटना हुई.
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार तेज गति से हाईवे पर दौड़ रही है जबकि कार में मौजूद एक युवती सनरूफ से बाहर निकलकर डांस कर रही है. इस लापरवाही भरी हरकत से न केवल युवती की जान को खतरा था बल्कि अन्य वाहनों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी.
चकरभाठा Police के अनुसार, कार चालक प्रतीक लूथर (36) बिलासपुर का निवासी है. वह अपनी महिला मित्र के साथ रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर लापरवाहीपूर्वक तेज रफ्तार में कार चला रहा था. इसी दौरान युवती सनरूफ पर बैठकर डांस करती नजर आई. वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद स्थानीय Police को सूचना मिली.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चकरभाठा Police टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी चालक की बीएमडब्ल्यू को जब्त कर लिया. Police अधिकारी ने बताया कि चालक के खिलाफ यातायात नियमों का उल्लंघन, लापरवाही से वाहन चलाने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है. आगे की जांच चल रही है.
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है. विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार वाली लग्जरी गाड़ियों में ऐसे स्टंट न सिर्फ कानूनी कार्रवाई का कारण बनते हैं बल्कि दुर्घटना की आशंका को कई गुना बढ़ा देते हैं. सनरूफ से बाहर निकलना, गाड़ी चलाते समय मोबाइल से वीडियो बनाना या डांस करना पूरी तरह अवैध है और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दंडनीय अपराध है.
बताते चलें कि social media पर वायरल होने के लिए युवा कई बार खतरनाक स्टंट करने से भी गुरेज नहीं करते हैं. कई बार देखा जाता है कि लापरवाही के चलते बड़ा हादसा भी हो जाता है. इसके बावजूद युवाओं में वायरल होने की होड़ मची हुई है.
–
डीकेएम/पीएम