
Mumbai , 12 मार्च . कई बार ऐसा होता है कि हम सोचते कुछ और हैं और किस्मत कहीं और ले जाती है. ऐसा ही कुछ हुआ ब्रिटिश-भारतीय Actress गीता बसरा के साथ. बचपन में उनका सपना क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट बनने का था, लेकिन समय ने उन्हें Bollywood की दुनिया में ला दिया. भले ही उनका फिल्मी सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने अपनी खूबसूरती और अभिनय से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. आज गीता बसरा फिल्मों से दूर अपने परिवार के साथ खुशहाल जिंदगी जी रही हैं.
गीता बसरा का जन्म 13 मार्च 1984 को इंग्लैंड के शहर पोर्ट्समाउथ में एक पंजाबी परिवार में हुआ था. बचपन से ही वह पढ़ाई में अच्छी थीं और उनका झुकाव मनोविज्ञान की ओर था. उन्होंने आगे चलकर साइकोलॉजी की पढ़ाई शुरू की. उस वक्त उनका सपना बड़ी होकर क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट बनने का था. क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट अपराध करने वाले लोगों के दिमाग और उनके व्यवहार को समझते हैं. हालांकि, इसी दौरान उनकी रुचि धीरे-धीरे अभिनय की ओर भी बढ़ने लगी.
एक दिन गीता बसरा ने अभिनय की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया. उन्होंने लंदन में करीब चार से पांच साल तक थिएटर में काम किया. इसके बाद India आकर उन्होंने Mumbai में मशहूर एक्टिंग टीचर किशोर नमित कपूर के इंस्टीट्यूट में दाखिला लिया और अभिनय की ट्रेनिंग ली.
कुछ समय बाद गीता बसरा को Bollywood में काम करने का मौका मिल गया. उन्होंने साल 2006 में फिल्म ‘दिल दिया है’ से फिल्मों में कदम रखा. इस फिल्म में उनके साथ Actor इमरान हाशमी नजर आए थे. हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं रही, लेकिन इससे गीता बसरा को पहचान जरूर मिली. इसके बाद वे 2007 में आई थ्रिलर फिल्म ‘द ट्रेन’ में भी दिखाई दीं. इस फिल्म में उनके किरदार की काफी चर्चा हुई.
गीता बसरा ने कई और फिल्मों में काम किया, जिनमें ‘जिला गाजियाबाद’, ‘मिस्टर जो बी. कारवाल्हो’ और ‘सेकंड हैंड हस्बैंड’ जैसी फिल्में शामिल हैं. उन्होंने हिंदी के साथ-साथ पंजाबी फिल्मों में भी काम किया. हालांकि, उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिल पाई, जिसकी उन्हें उम्मीद थी. यही वजह रही कि कुछ समय बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली.
इस बीच गीता बसरा ने भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह से शादी की. वह दो बच्चों की मां हैं और अपने पति व परिवार के साथ खुशहाल जीवन बिता रही हैं.
–
पीके/डीकेपी