
बलिया, 19 अप्रैल . भोजपुरी एक्टर और BJP MP रवि किशन ने संसद में महिला आरक्षण बिल के गिरने पर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि परिवारवाद वालों ने महिलाओं के आरक्षण का विरोध किया. वह नहीं चाहते हैं कि महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़े.
बलिया में BJP MP रवि किशन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता के कारण ही इस विधेयक का विरोध किया जा रहा है.
रवि किशन ने कहा कि यह बहुत सीधा-सादा मामला है. बिल का विरोध उन लोगों ने किया जो परिवारवाद की राजनीति का समर्थन करते हैं. वे लोग जिन्हें डर है कि अगर महिलाएं आगे आईं तो उनका वर्चस्व खत्म हो जाएगा. यह तथाकथित पुरुष-प्रधान मानसिकता है. Prime Minister ने इसी सोच को तोड़ने की कोशिश की है.
गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने कहा कि मैं पांच बार भी सांसद बन जाऊं, तो लोगों की हर समस्या को सुलझा नहीं सकता. गोरखपुर की आबादी 50 लाख से ज्यादा है. हर गांव, हर घर की समस्या को सुन पाना किसी एक सांसद के लिए संभव नहीं है, इसलिए परिसीमन बेहद जरूरी था.
उन्होंने कहा कि देश में 70 करोड़ पुरुष तो 70 करोड़ महिलाएं हैं. महिला आरक्षण बिल महिलाओं को आगे लाने का काम करता, लेकिन विरोधी उन्हें आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते. विपक्ष की यह महिला-विरोधी मानसिकता है. परिवारवाद वालों ने ही इस विधेयक का विरोध किया है. अब समय आ गया है कि महिलाओं को चूल्हा-चौका तक सीमित न रखा जाए.
दूसरी ओर BJP MP मनोज तिवारी ने पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के रवैये पर गहरा दुःख व्यक्त किया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़ा ये बिल पास करने की शक्ति देश और देश की महिलाएं जल्द ही एनडीए को देगी. इसे पारित न होने देना न केवल महिलाओं के अधिकारों की उपेक्षा है, बल्कि उनके सपनों और आकांक्षाओं के साथ भी अन्याय है.
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐसी लहर है कि मैं इसे अपनी आंखों से देख सकता हूं. जनता टीएमसी को हटाकर भाजपा को सत्ता में लाएगी.
–
डीकेएम/डीकेपी