फैमिली-ड्रामा लेकर आ रहे सूरज बड़जात्या, ‘ये प्रेम मोल लिया’ में दिखेगी आयुष्मान-शरवरी की केमिस्ट्री

Mumbai , 21 अप्रैल . फिल्म निर्माता-निर्देशक सूरज बड़जात्या दर्शकों के लिए जल्द ही फैमिली-एंटरटेनर फिल्म लेकर आ रहे हैं. प्रोडक्शन हाउस ने अपनी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. यह एक म्यूजिकल फैमिली एंटरटेनर होगी, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे.

सूरज बड़जात्या की फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर कर रहे हैं. प्रोडक्शन हाउस ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए बताया कि यह फिल्म एक पारिवारिक कहानी पर आधारित होगी, जो दर्शकों को भावनाओं और संगीत से जोड़ने का प्रयास करेगी.

इस फिल्म के जरिए राजश्री प्रोडक्शंस का लोकप्रिय किरदार ‘प्रेम’ करीब 12 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेगा. इस बार इस किरदार को पहली बार आयुष्मान खुराना निभाएंगे. अपनी अलग तरह की एक्टिंग और सादगी भरे अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले आयुष्मान इस भूमिका में नया रंग भरते नजर आएंगे.

वहीं, फिल्म में आयुष्मान के साथ पहली बार शरवरी वाघ की जोड़ी बनेगी. शरवरी का किरदार पारंपरिक राजश्री हीरोइनों की छवि को गढ़ता नजर आएगा, जिसमें सादगी, मजबूती और भावनात्मक गहराई देखने को मिलेगी. दोनों कलाकारों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है.

फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया दे रहे हैं, जो लंबे समय बाद सूरज बड़जात्या के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दोनों ने ‘प्रेम रतन धन पायो’ में साथ काम किया था, जिसका संगीत काफी लोकप्रिय हुआ था. ऐसे में इस नई फिल्म के गानों को लेकर भी बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं.

निर्माताओं का मानना है कि यह फिल्म परिवारों को एक बार फिर सिनेमाघरों तक खींचने में सफल होगी. ‘ये प्रेम मोल लिया’ भावनाओं, रिश्तों और संगीत के खूबसूरत संगम के साथ एक पारिवारिक मनोरंजन के रूप में अलग पहचान बनाने की कोशिश करेगी.

सूरज बड़जात्या हाल ही में ‘ऊंचाई’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके हैं और अब वह एक बार फिर अपनी साफ-सुथरी पारिवारिक फिल्म के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं.

एमटी/वीसी

Leave a Comment