बिहार: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा का ‘माइक्रो मैनेजमेंट’, छोटी बैठकों से साधे जा रहे समीकरण

Patna, 21 जुलाई . बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रतिष्ठा का चुनाव मानते हुए अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी अब बूथ स्तर तक बढ़त बनाने में जुटी है. युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान चला रहे हैं, जबकि मंत्री, विधायक, विधान पार्षद और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न इलाकों में छोटी-छोटी बैठकों के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बना रहे हैं.

भाजपा की रणनीति सामाजिक और जातीय समीकरणों को साधते हुए हर वर्ग तक अपनी पहुंच मजबूत करने की है. पार्टी सूत्रों के अनुसार चुनाव प्रचार को सूक्ष्म स्तर तक ले जाने के लिए बूथवार जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं. युवा मतदाताओं से सीधे संवाद स्थापित करने, महिलाओं के बीच केंद्र और बिहार Government की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने तथा प्रत्येक घर तक संपर्क अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. जातीय बहुल इलाकों में उसी समाज के प्रमुख नेताओं और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रभावी संवाद स्थापित किया जा सके.

भाजपा संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि उपचुनाव को लेकर सभी मोर्चे आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं. चुनाव प्रचार के अगले चरण में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जनसभाएं और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. संगठन का लक्ष्य मतदान से पहले प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करना है.

इसी रणनीति के तहत Chief Minister सम्राट चौधरी ने Monday की शाम भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में बांकीपुर उपचुनाव के साथ-साथ विधानसभा सत्र की रणनीति पर भी चर्चा हुई. Chief Minister ने सभी भाजपा विधायकों से कहा कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद प्रतिदिन कम से कम दो घंटे बांकीपुर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए अवश्य दें.

उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें सभी जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों को भी अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है. प्रचार अभियान में बिहार Government के मंत्री डॉ. शैलेन्द्र और रामकृपाल यादव के अलावा विधान पार्षद अरविंद शर्मा, विधायक मैथिली ठाकुर, जीवेश मिश्रा और मनोज शर्मा लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं. इनके साथ स्वर्ण आयोग के अध्यक्ष महाचंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विभिन्न इलाकों में बैठकें की है.

भाजपा का मानना है कि मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं के सहारे वह बांकीपुर में अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल होगी. इसी उद्देश्य से पार्टी ने प्रचार अभियान को अंतिम चरण तक लगातार तेज रखने का फैसला किया है. बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 को वोट डाले जाएंगे. यहां से भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है.

एमएनपी/डीकेपी

Leave a Comment