
Mumbai , 5 मई . फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का सपना देखने वाले लाखों लोगों के लिए कास्टिंग कॉल और ऑडिशन एक बड़ा मौका होते हैं, लेकिन इसी सपने की आड़ में कुछ ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं. इसी बीच मशहूर प्रोडक्शन हाउस आशीर्वाद सिनेमा ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है.
दरअसल, आशीर्वाद सिनेमा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट एक पब्लिक नोटिस जारी किया है. इस पोस्ट में कहा गया, ”कुछ अनजान लोग हमारे नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और फर्जी कास्टिंग और ऑडिशन से जुड़े मैसेज लोगों तक पहुंचा रहे हैं. यह पूरी तरह से धोखाधड़ी का हिस्सा है.”
पोस्ट के लिखा, ”आशीर्वाद सिनेमा ने किसी भी व्यक्ति, एजेंसी या संस्था को कास्टिंग कॉल, ऑडिशन, भर्ती प्रक्रिया या पैसे लेने से जुड़ी किसी भी गतिविधि के लिए अधिकृत नहीं किया है. अगर कोई व्यक्ति हमारे नाम पर पैसे मांगता है या ऑडिशन का झांसा देता है तो वह पूरी तरह से फर्जी है. कंपनी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और जांच शुरू कर दी गई है.”
कंपनी ने साफ किया है कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा, ”ऐसे फर्जीवाड़े में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे, जिसमें सिविल और क्रिमिनल प्रोसीडिंग्स दोनों तरह की कार्रवाई शामिल हो सकती है.”
आशीर्वाद सिनेमा ने आम जनता को भी सावधान रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा, ”लोग ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें, जो हमारे नाम से भेजा जा रहा हो, लेकिन आधिकारिक माध्यम से न आया हो. अगर कोई व्यक्ति ऐसे मैसेज के आधार पर किसी से संपर्क करता है या पैसे देता है, तो इसका जोखिम उसे खुद उठाना होगा. हमारे ओर से कोई भी असली जानकारी केवल सत्यापित और आधिकारिक माध्यमों के जरिए ही दी जाएगी.”
बता दें कि कई बड़े प्रोडक्शन हाउस इस तरह के फर्जी एजेंट्स और नकली कास्टिंग कॉल्स से जूझ रहे हैं. खासतौर पर तेलुगु और तमिल फिल्म इंडस्ट्री में भी ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां लोगों को झूठे वादों के जरिए ठगा गया.
प्रोडक्शन हाउस मैत्री मूवी मेकर्स ने भी पिछले साल दिसंबर में इसी तरह की चेतावनी जारी की थी. उन्होंने भी लोगों को आगाह किया था कि उनके नाम पर फर्जी कास्टिंग कॉल्स और एजेंट्स सक्रिय हैं, जो लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं.
–
पीके/वीसी