
Lucknow, 26 अप्रैल . आईपीएल 2026 का 38वां मुकाबला Lucknow सुपर जायंट्स (एलएसजी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेला जा रहा है. इस मुकाबले में केकेआर के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ (फील्डिंग में बाधा डालने) के कारण आउट करार दिया गया. अंयापर के इस फैसले से केकेआर का खेमा काफी नाखुश नजर आया.
दरअसल, यह घटना केकेआर की पारी के 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर घटी. प्रिंस यादव की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी ने मिड-ऑन की दिशा में शॉट खेला और रन लेने के लिए तेजी से दौड़े. हालांकि, दूसरे छोर पर खड़े कैमरून ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया. क्रीज के अंदर पहुंचने के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई. अंगकृष ने जिस समय अपना विकेट बचाने के लिए डाइव लगाई उसी वक्त फील्डर ने गेंद को थ्रो किया, जो सीधा अंगकृष के पैर में आकर लगा.
अंगकृष के गेंद लगते ही एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और टीम के बाकी खिलाड़ियों ने अंपायर के सामने अपील कर दी. इसके बाद अंगकृष को ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के कारण अंपायर ने आउट करार दे दिया. अंगकृष और केकेआर का पूरा खेमा अंपायर के फैसले से नाखुश नजर आया. अंगकृष ने पवेलियन लौटते समय जोर से अपना बल्ला जमीन पर मारा और हेलमेट को बाउंड्री लाइन के पास ही फेंक दिया.
केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर भी अंपायर से काफी देर तक बातचीत करते हुए नजर आए और उनके चेहरे पर गुस्सा साफतौर पर झलक रहा था. हालांकि, अंगकृष से पहले आईपीएल में अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, युसूफ पठान को भी ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’की वजह से आउट दिया जा चुका है.
अंगकृष 8 गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे. केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए. टीम की ओर से रिंकू सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस पारी में रिंकू ने 7 चौके और 5 छक्के लगाए. वहीं, कैमरून ग्रीन ने 21 गेंदों में 34 रनों का योगदान दिया.
–
एसएम/डीकेपी