
Mumbai , 14 फरवरी . हिंदी सिनेमा के गानों में जान फूंक देने वाले सिंगर अमित मिश्रा को नहीं पता था कि उनका संगीत का जुनून उन्हें सफलता के मुकाम तक पहुंचाएगा.
सिंगर ने अपनी आवाज और बहुमुखी प्रतिभा से संगीत प्रेमियों के दिलों में एक खास जगह बनाई है. वे सिर्फ अच्छा गाते ही नहीं बल्कि कई म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट भी बजाते हैं और यही वजह है कि आज वे खुद का सिंगिंग बैंड भी चलाते हैं और अपने स्टेज शोज की वजह से चर्चा में रहते हैं.
15 फरवरी को Lucknow में जन्मे अमित मिश्रा ने Lucknow विश्वविद्यालय से बी.कॉम की पढ़ाई की, लेकिन संगीत का जुनून उन्हें भातखंडे संगीत संस्थान ले आया, जहां उन्होंने संगीत की शिक्षा ली. साल 2009 में सिंगर ने कलर्स पर प्रसारित हुए टेलीविजन शो ‘आइडिया रॉक्स इंडिया 2009’ में भाग लिया और टॉप 4 में शामिल हुए. हालांकि टॉप- 4 में शामिल होना ही उनके लिए काफी रहा, क्योंकि उन्हें व्यापक पहचान मिल चुकी थी.
Bollywood में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाले अमित ने करियर की शुरुआत एल्बम ‘एटरनल लव’ से की थी, लेकिन करियर में अहम मोड़ करण जौहर की फिल्म ‘ए दिल है मुश्किल’ में ‘बुलेया’ गाना गाकर मिला.
फिल्म का गाना हर किसी की जुबान पर चढ़ चुका था और गाने की खूब चर्चा रही. इस गाने ने अमित को न केवल पहचान दिलाई बल्कि उन्हें पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड भी दिलाया. बुलेया के लिए उन्हें स्क्रीन अवॉर्ड्स और आईआईएफए अवॉर्ड्स से नवाजा गया. ‘बुलेया’ के बाद सिंगर ने बैक-टू-बैक हिट गाने दिए. उन्होंने सलमान खान समेत कई बड़े स्टार्स के लिए गाना गाया.
उन्होंने फिल्म ‘सौ तरह के’, ‘मनमा इमोशन जागे रे’, ‘गलती से मिस्टेक’, ‘दिल जश्न बोले’, ‘सुनो गणपति बप्पा मोरिया’, और ‘इश्क मजबूर’ जैसे गाने हिंदी सिनेमा को दिए. खास बात ये है कि उन्होंने सिर्फ हिंदी भाषा में ही नहीं बल्कि तमिल, तेलुगू और मराठी भाषाओं में भी गाने गाए हैं. सिंगर फिल्म ’83’ का गाना तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में रिकॉर्ड कर चुके हैं और इसके इतर भक्ति गीत भी गाए हैं. उन्होंने मराठी में शिव भक्ति गीत भी गाए हैं.
अमित अपनी सुरीली आवाज के जादू से सबको मंत्रमुग्ध कर देते हैं, लेकिन इसके साथ वे कई अलग-अलग तरह के वाद्य यंत्र भी बजाते हैं. करियर की शुरुआत में ही तृष्णा बैंड का हिस्सा रहे अमित ने टीवी शो पर गाने से लेकर म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट की बीट से फैंस का दिल जीत लिया था. आज भी सिंगर लाइव शो में गिटार बजाकर माहौल को शानदार बना देते हैं.
–
पीएस/एबीएम