हार्दिक पांड्या हुए नई इंजरी का शिकार, ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ नहीं खेलेंगे वनडे सीरीज

New Delhi, 26 सितंबर . लंबे समय से चोट के चलते भारतीय टीम से बाहर चल रहे स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ 6 अक्टूबर से होने वाली वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. हार्दिक अब नई इंजरी की चपेट में आ गए हैं.

‘क्रिकबज’ की खबर के अनुसार, हार्दिक का न्यूजीलैंड में होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में खेल पाना भी मुश्किल नजर आ रहा है. हार्दिक को ‘शिन’ (पिंडली या पैर के निचले हिस्से की हड्डी में दर्द और सूजन) इंजरी हुई है. हार्दिक को खेल से दूर रहते हुए मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा है. रिहैबिलिटेशन (ठीक होने की प्रकिया) के दौरान उन्हें बार-बार चोटों का सामना करना पड़ा है. इस साल जून में उनके अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने की उम्मीद थी, लेकिन Bengaluru में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रहने के दौरान क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव के कारण वह बाहर हो गए थे.

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ सीरीज के लिए भी उनका चयन फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर था, हालांकि पहले वनडे मैच से दो हफ्ते से भी कम समय पहले हार्दिक की मैच खेलने की तैयारी एक बार फिर बुरी तरह पटरी से उतर गई है. हार्दिक ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच मार्च में Ahmedabad में वर्ल्ड कप फाइनल में खेला था. उनका आखिरी वनडे मैच मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल था. उन्होंने इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14 में से 10 मैचों में हिस्सा लिया था, लेकिन उसके बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है.

हार्दिक को लगातार होती एक के बाद एक इंजरी ने भारतीय टीम की परेशानी भी बढ़ा दी है. अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप 2027 के लिए हार्दिक को भारतीय टीम का अहम खिलाड़ी माना जा रहा है. हार्दिक का रिकॉर्ड खासतौर पर आईसीसी टूर्नामेंट्स में कमाल का रहा है. टी20 विश्व कप 2026 में भी हार्दिक ने 9 मुकाबलों में 160 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 217 रन बनाए थे. वहीं, गेंदबाजी में भी अहम विकेट चटकाए थे.

–

एसएम/वीसी

Leave a Comment