Skip to content
Tuesday, 27 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
फ़ुटबॉल,खेल

स्पेन की एलेक्सिया पुटेलस ने महिलाओं का ‘बैलन डी’ओर’ जीता, बोनमाटी की बराबरी की

स्पेन की एलेक्सिया पुटेलस ने महिलाओं का ‘बैलन डी’ओर’ जीता, बोनमाटी की बराबरी की

New Delhi, 27 अक्टूबर . स्पेन की मिडफील्डर एलेक्सिया पुटेलस ने 2026 का ‘बैलन डी’ओर’ पुरस्कार जीता है. एलेक्सिया ने तीसरी बार यह पुरस्कार जीता है. वहीं, यह लगातार छठा साल है, जब स्पेन की किसी महिला फुटबॉलर ने इस सम्मान को हासिल किया है.

एलेक्सिया पुटेलस 2021 और 2022 में भी ‘बैलन डी’ओर’ जीत चुकी हैं. पुटेलस ने स्पेन की अपनी साथी ऐताना बोनमाटी के रिकॉर्ड की बराबरी की. बोनमाटी ने 2023, 2024 और 2025 में लगातार तीन साल यह सम्मान हासिल किया था.

पुटेलस को फीफा की टॉप-50 रैंकिंग वाले देशों के पत्रकारों के एक इंटरनेशनल पैनल से सबसे ज्यादा वोट मिले. पुटेलस के साथ सम्मान की रेस में बार्सिलोना की स्ट्राइकर इवा पाजोर और मैनचेस्टर सिटी की फॉरवर्ड खदीजा शॉ भी थीं. पाजोर दूसरे, जबकि खदीजा तीसरे नंबर पर रहीं.

पुटेलस ने 2022 में खतरनाक एंटीरियर क्रूशिएट लिगामेंट की चोट से रिकवर करने के बाद यह सम्मान हासिल किया है. यह खेल के प्रति उनके जुनून का ही उदाहरण है.

अवॉर्ड मिलने के बाद पुटेलस ने कहा, “दुनिया भर के सभी लड़के और लड़कियां—अगर आपको फुटबॉल पसंद है और अगर आप फुटबॉल खेलना चाहते हैं, तो फुटबॉल खेलें. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप लड़के हैं या लड़की. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कहां से आते हैं. अगर कोई आपसे कहे कि आप यह नहीं कर सकते, तो उसकी बात मत सुनो. खुद पर भरोसा रखो.”

पिछले सीजन में पुटेलस ने अपने प्रदर्शन से दिखाया कि वह अभी भी दुनिया की एलीट खिलाड़ियों में से एक हैं. उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं में 21 गोल किए और 13 असिस्ट किए. उनमें से सात गोल विमेंस चैंपियंस लीग में आए, जब बार्सिलोना ने छह सीजन में चौथा कॉन्टिनेंटल टाइटल जीता. 32 साल की पुटेलस ने जुलाई में विमेंस सुपर लीग की टीम लंदन सिटी लायनेसेस में शामिल होने से पहले बार्सिलोना को चैंपियंस लीग में चार बार चैंपियन बनाया था.

–

पीएके

Share