Skip to content
Thursday, 12 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

सैन्य बदलावों के केंद्र में हमेशा सैनिक यानी योद्धा रहना चाहिएः सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ

सैन्य बदलावों के केंद्र में हमेशा सैनिक यानी योद्धा रहना चाहिएः सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ

New Delhi, 11 नवंबर . भविष्य के युद्ध केवल आधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों से नहीं लड़े जाएंगे, बल्कि उनमें तकनीक, एआई, मानवरहित प्रणालियों और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल की निर्णायक भूमिका होगी. इसी बदलते युद्ध परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने भारतीय उपमहाद्वीप में भविष्य के युद्ध की तैयारियों और भारतीय सेना के बदलाव की रूपरेखा सामने रखी.

अपने संबोधन में जनरल धीरज सेठ ने कहा कि उभरती सैन्य चुनौतियों का सामना करने के लिए भारतीय सेना लगातार खुद को बदल रही है. दरअसल सेना का आधुनिकीकरण केवल नए हथियार और उपकरण या संगठनात्मक ढांचे में बदलाव तक सीमित नहीं है. इसके लिए नवाचार की संस्कृति विकसित करना, नई तकनीकों को तेजी से अपनाना और बदलती परिस्थितियों के अनुसार तुरंत निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाना भी जरूरी है.

उन्होंने 11 नवंबर को New Delhi के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित मैकेनाइज्ड फोर्सेज संगोष्ठी 2026 में ‘भारतीय उपमहाद्वीप में भविष्य के युद्ध की परिकल्पना’ विषय पर कैवेलरी मेमोरियल संबोधन दिया. दो दिवसीय इस संगोष्ठी का आयोजन कैवेलरी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने मैकेनाइज्ड फोर्सेज महानिदेशालय के सहयोग से किया है. इसमें सेना के वरिष्ठ सेवारत अधिकारी, पूर्व सैन्य अधिकारी, रक्षा वैज्ञानिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और सामरिक मामलों के विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं. यहां उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी बदलावों के केंद्र में हमेशा सैनिक यानी योद्धा रहना चाहिए.

थल सेनाध्यक्ष ने भविष्य के युद्ध में तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता और बेहतर तालमेल को बेहद महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि बदलते युद्धक्षेत्र में अलग-अलग सैन्य सेवाओं और विभिन्न क्षेत्रों के बीच निर्बाध समन्वय जरूरी होगा. इसके साथ ही उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने स्वदेशी सैन्य क्षमताओं के विकास और रक्षा उद्योग तथा शिक्षण संस्थानों के साथ मजबूत साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया.

मैकेनाइज्ड फोर्सेज के विकास का उल्लेख करते हुए जनरल धीरज सेठ ने कहा कि इन बलों की अब तक की यात्रा भारतीय सेना की बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता का प्रमाण है. उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य के युद्धों में भी मैकेनाइज्ड फोर्सेज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण बनी रहेगी.

संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में थल सेनाध्यक्ष का संबोधन मुख्य आकर्षण रहा. सत्र की शुरुआत कैवेलरी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल अशोक मेहता (सेवानिवृत्त) के संबोधन से हुई. इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल एबी शिवाने (सेवानिवृत्त) की लिखी पुस्तक ‘आर्मर 2040 : स्टील, सिलिकॉन एंड द फ्यूचर बैटलस्पेस’ का भी विमोचन किया गया.

मैकेनाइज्ड फोर्सेज के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल प्रीत पाल सिंह ने बताया कि नेटवर्क आधारित और स्वायत्त युद्ध प्रणाली विकसित करने की दिशा में बदलाव हो रहा है. संगोष्ठी में एआई, स्वायत्त लक्ष्य भेदने वाली प्रणालियों, मानव और मानवरहित सैन्य प्रणालियों के संयुक्त इस्तेमाल, ड्रोन आधारित एकीकृत युद्ध, अगली पीढ़ी की युद्ध प्रणालियों और कई क्षेत्रों में एक साथ संचालित सैन्य अभियानों जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी.

दो दिवसीय यह आयोजन 12 नवंबर को ‘भारतीय मैकेनाइज्ड फोर्सेज 2035 : भविष्य की परिचालन परिस्थितियों के लिए बदलाव’ विषय पर समापन चर्चा के साथ संपन्न होगा.

–

जीसीबी/एएमटी

Share