सीएसपीजीसीएल भर्ती 2026: अप्रेंटिस के 66 पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, 1 दिसंबर अंतिम तिथि

रायपुर, 27 नवंबर . छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीजीसीएल), कोरबा ने ग्रेजुएट (तकनीकी)/डिप्लोमा (तकनीकी) योग्यताधारियों को एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु रिक्त 66 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं. इन रिक्तियों में ग्रेजुएट (तकनीकी) के 38 और डिप्लोमा (तकनीकी) के 28 पद शामिल हैं.
विभिन्न विषयों के आधार पर ग्रेजुएट अप्रेंटिस (तकनीकी) पोस्ट के लिए जारी 38 रिक्तियों में सिविल इंजीनियरिंग के 2, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 17, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 16 और सीएसई/ईईई/आईटी के 3 पद शामिल हैं.
डिप्लोमा अप्रेंटिस (तकनीकी) के लिए जारी 28 रिक्तियों में सिविल इंजीनियरिंग के 2, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 22, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 3 और सीएसई/ईईई/आईटी/इलेक्ट्रॉनिक्स का 1 पद शामिल है.
अप्रेंटिस के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 1 दिसंबर तय की गई है. ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं. वे राष्ट्रीय शिक्षुता प्रशिक्षण योजना (एनएटीएस) पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करने के पश्चात सीएसपीजीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थी सीएसपीजीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां संबंधित रिक्तियों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें. संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ संलग्न करें. इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘कार्यालय – कार्यपालक निदेशक/मुख्य अभियंता (प्रशिक्षण), विद्युत उत्पादन प्रशिक्षण संस्थान, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी लिमिटेड, कोरबा पूर्व, जिला-कोरबा (छत्तीसगढ़) 49567’ पते पर 1 दिसंबर की सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक डाक या अन्य माध्यम से पहुंचा दें.
अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट अप्रेंटिस (तकनीकी) के लिए संबंधित विषय में इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी डिग्री और डिप्लोमा अप्रेंटिस (तकनीकी) के लिए संबंधित विषय में डिप्लोमा होना चाहिए.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, दस्तावेज सत्यापन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को ग्रेजुएट अप्रेंटिस (तकनीकी) के लिए 12,300 रुपए प्रति माह और डिप्लोमा अप्रेंटिस (तकनीकी) के लिए 10,900 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे.
–
डीके/वीसी


