
New Delhi, 20 सितंबर . Pakistan और सऊदी अरब के बीच हुए डिफेंस समझौते ने इस्लामाबाद की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. एक रिपोर्ट दावा करती है कि रक्षा प्रतिबद्धताओं के कारण देश मध्य-पूर्व संघर्ष में फंस सकता है. यमन में रियाद और ईरान-समर्थित हूती विद्रोहियों के बीच तनाव बढ़ने से सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर पर दबाव बढ़ रहा है.
‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत में यह रक्षा समझौता Pakistan के लिए एक रणनीतिक फायदे जैसा लग रहा था. इसका प्रमाण है समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान मुनीर की मौजूदगी. पिछले साल सितंबर में रियाद में सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ वो भी मौजूद थे.
इस समझौते के तहत, सऊदी अरब अरबों डॉलर का निवेश Pakistan में करेगा और उसे कर्ज भी देगा, जबकि Pakistan सऊदी सेना को प्रशिक्षित करेगा और किसी भी हमले की स्थिति में सऊदी अरब की रक्षा करेगा.
रिपोर्ट में कहा गया है कि Pakistan ने यह मान लिया था कि अमेरिका और ईरान के बीच रिश्ते सुधरेंगे. इसके साथ ही मध्य पूर्व और खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष खुद ही खत्म हो जाएगा. हालांकि, अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर बमबारी शुरू करने और उसके बाद सऊदी अरब सहित खाड़ी देशों पर ईरान के मिसाइल हमलों के बाद स्थिति तेजी से बदली.
इसके बाद संघर्ष ने सऊदी अरब और यमन में ईरान समर्थित विद्रोही गुट ‘हूती’ के बीच टकराव को फिर से भड़का दिया. ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी-हूती के बीच हुआ नाजुक समझौता तब टूट गया जब हूती ने यमन के कुछ इलाकों पर कब्जा कर लिया. साथ ही सऊदी के कुछ इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए. सऊदी अरब ने जवाब में यमन पर हवाई हमले किए, जिससे बड़े पैमाने पर संघर्ष की आशंका को बल मिला.
अगस्त में Pakistan पर दबाव बढ़ गया जब सऊदी रक्षा समझौते का विस्तार करते हुए इसमें तुर्की को भी शामिल किया गया. फिर इसका नाम बदलकर ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौता’ कर दिया गया. तीनों देश इस बात पर सहमत हुए कि “उनमें से किसी एक पर भी सशस्त्र हमला तीनों पर हमला माना जाएगा.”
इस रिपोर्ट में रक्षा विश्लेषक आयशा सिद्दीका को कोट किया गया है. वो कहती हैं, “मुझे नहीं लगता कि आसिम मुनीर ने इस क्षेत्र के सामने मौजूद खतरों का सही आकलन किया था—और यह भी कि Pakistan को इतनी जल्दी अपनी सेना को मोर्चे पर उतारना पड़ सकता है.”
सऊदी अरब के पास लड़ाकू विमानों और अन्य युद्धक उपकरणों सहित काफी सैन्य साजो-सामान है, लेकिन उनके पास हूती विद्रोहियों के खिलाफ सीधे युद्ध का अनुभव नहीं है. ऐसी दशा में Pakistan की सेना रियाद के लिए बहुत काम की साबित हो सकती है, खासकर इसलिए क्योंकि उसकी सेना को सुरक्षा खतरों से निपटने का व्यापक अनुभव है.
‘द गार्डियन’ ने कुछ विश्लेषकों की राय के आधार पर कहा कि अगर सऊदी अरब हूती के खिलाफ मक्का समझौते को लागू करता है, तो Pakistan पर सेना तैनात करने का दबाव पड़ सकता है, जिसमें ट्रेनिंग के लिए पहले से ही सऊदी अरब में तैनात हजारों सैनिक भी शामिल हो सकते हैं.
रिपोर्ट में सऊदी अरब पर Pakistan की आर्थिक निर्भरता पर भी प्रकाश डाला गया है, जिसने हाल ही में इस्लामाबाद को 8 अरब डॉलर (6 अरब पाउंड) की धनराशि दी जिससे रक्षा उत्पादन व सहयोग में निवेश की संभावना बढ़ी.
इस बीच, खबर है कि Pakistan के अधिकारी इस व्यापक संघर्ष में घसीटे जाने को लेकर चिंतित हैं. Pakistan की सीमा ईरान से लगती है और उसे अपनी सीमाओं पर उग्रवाद और अस्थिरता जैसी सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर Pakistan हूती के खिलाफ सीधे तौर पर शामिल होता है, तो इसे ईरान के खिलाफ इस्लामाबाद का स्पष्ट रुख माना जा सकता है, जिससे इलाके में और देश के अंदर और मुश्किलें पैदा हो सकती हैं.
Pakistan की सीनेट में विपक्ष के नेता राजा नासिर अब्बास ने चेतावनी दी: “अगर Pakistan युद्ध में कूदता है तो यह देश के लिए तबाही होगी.” उन्होंने कहा कि Pakistan पहले से ही “दो खतरनाक विद्रोहों” का सामना कर रहा है, जबकि उसकी अर्थव्यवस्था संघर्ष कर रही है और महंगाई बढ़ गई है.
मध्य पूर्व का व्यापक संघर्ष पूरे इलाके में फैलता जा रहा है और इसमें ईरान भी शामिल है. सऊदी अरब और हूती भी आपस में उलझे हैं. उनके हमलों से एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और इलाके में जहाजों की आवाजाही पर भी खतरा मंडरा रहा है.
हालिया तनाव ने पवित्र शहर मक्का को भी संकट में डाल दिया है. सऊदी अरब ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने मक्का के दक्षिण में एक हूती ड्रोन को पवित्र शहर के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में घुसने से पहले ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया.
–
केआर/