श्रेया घोषाल और सोनू निगम की आवाज में लौटा रोमांस, ‘प्रहार’ के गाने ‘तुझ में बसी मेरी जान’ ने बांधा समां

Mumbai , 9 अक्टूबर . प्लेबैक सिंगर श्रेया घोषाल और सोनू निगम एक बार फिर अपनी आवाज का जादू बिखेरने के लिए साथ आए हैं. दोनों ने आने वाली फिल्म ‘प्रहार – द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ के रोमांटिक गाने ‘तुझ में बसी मेरी जान’ को अपनी आवाज दी है.

प्यार, साथ और रिश्तों की खूबसूरती को बयां करता यह गाना फिल्म में राजकुमार राव और वामिका गब्बी की शादी के सीक्वेंस के साथ दिखाया गया है. श्रेया और सोनू दोनों ही गाने को लेकर उत्साहित हैं. उनका कहना है कि यह गाना प्यार के उन छोटे-छोटे पलों को खूबसूरती से पेश करता है, जो किसी भी रिश्ते को खास बनाते हैं.

श्रेया ने कहा, “तुझ में बसी मेरी जान’ प्यार, साथ, और उन छोटे-छोटे पलों का खूबसूरत जश्न है, जो किसी रिश्ते को खास बनाते हैं. इस गाने में एक गर्मजोशी और रोमांस है. मुझे अपनी आवाज के जरिए उस एहसास को सामने लाना बहुत अच्छा लगा. सोनू निगम के साथ गाना हमेशा एक अलग तरह का संगीत अनुभव होता है और इस गाने के साथ भी ऐसा ही रहा.”

उन्होंने कहा, “पर्दे पर राजकुमार राव और वामिका गब्बी की केमिस्ट्री और उनकी शादी के पलों ने गाने को और खास बना दिया. मुझे उम्मीद है कि जब दर्शक इस गाने को सुनेंगे, तो उन्हें भी वही खुशी और अपनापन महसूस होगा.”

सोनू निगम ने कहा, ”श्रेया घोषाल के साथ दोबारा काम करना शानदार अनुभव रहा. उनकी आवाज गाने में एक खास संवेदनशीलता लेकर आती है. हमने मिलकर कुछ ऐसा बनाने की कोशिश की है, जो लंबे समय तक दिलों में रहे और सीधे दिल को छुए.”

सोनू निगम ने राजकुमार राव और वामिका गब्बी की केमिस्ट्री की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, ”दोनों कलाकारों की पर्दे पर मौजूदगी गाने की भावनाओं के साथ खूबसूरती से मेल खाती है. मुझे उम्मीद है दर्शकों को गाना उतना ही पसंद आएगा, जितना इसे बनाते समय मुझे और श्रेया को अच्छा लगा.”

टी-सीरीज की ओर से पेश किए गए इस गाने में राजकुमार राव और वामिका गब्बी के शादी के सीक्वेंस के जरिए प्यार, अपनापन और खुशी को दिखाया गया है. गाने का संगीत प्रीतम ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं. गाने में मराठी बोल अमेय दयाल ने लिखे हैं.

‘प्रहार – द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का निर्माण दिनेश विजान और मैडॉक फिल्म्स ने किया है. फिल्म में राजकुमार राव और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि इसका निर्देशन अविनाश अरुण धवारे ने किया है. फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

–

पीके/एबीएम

Leave a Comment