
बीजिंग, 13 सितंबर . 12 सितंबर को चीन के महानगर शांगहाई में 2026 फुच्यांग इनोवेशन फोरम का मुख्य मंच आयोजित किया गया. वैश्विक विज्ञान और प्रौद्योगिकी, उद्योग और निवेश क्षेत्र से आए प्रतिनिधियों ने मौलिक अनुसंधान में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों में नई सफलताओं जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया. साथ ही, यांग्त्ज़ी नदी डेल्टा क्षेत्र में शांगहाई को अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी नवाचार केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मिलकर प्रयास करने पर जोर दिया गया.
फोरम के उद्घाटन समारोह में चीनी राष्ट्रीय प्राकृतिक विज्ञान फाउंडेशन के यांग्त्ज़ी नदी डेल्टा बुनियादी अनुसंधान संयुक्त कोष की प्रमुख परियोजना शुरू की गई. यह विशेष परियोजना इस फाउंडेशन और शांगहाई शहर के साथ च्यांगसू, चच्यांग और आनहुई तीन प्रांतों द्वारा संयुक्त रूप से स्थापित की गई है. इसके तहत “एकीकृत वित्तपोषण, संयुक्त प्रश्न निर्धारण, संयुक्त प्रबंधन और समान प्रश्नों के संयुक्त उत्तर” की कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी. इसका उद्देश्य मौलिक अनुसंधान को समर्थन देना है. इसके लिए हर साल 25 करोड़ युआन का संयुक्त निधि कोष स्थापित किया जाएगा. 2027 से 2031 तक पांच साल की सहयोग अवधि में इस कोष की कुल राशि 125 करोड़ युआन तक पहुंच जाएगी.
इसी बीच, यांग्त्जी नदी डेल्टा वैज्ञानिक डेटा साझाकरण सेवा मंच के संयुक्त निर्माण की भी शुरुआत की गई. यह मंच शांगहाई और उपरोक्त तीनों प्रांतों के वैज्ञानिक डेटा संसाधनों को एक जगह उपलब्ध कराएगा. इससे पूरे क्षेत्र में वैज्ञानिक डेटा का सुचारु प्रवाह और अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा.
इसके अलावा, फोरम में वैश्विक विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया. इसी क्रम में वैश्विक नवाचार शहर गठबंधन की शुरुआत की गई. इसका उद्देश्य दुनिया के विभिन्न शहरों के बीच नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देना है.
दक्षिण अफ्रीका के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंत्री ब्लेड नज़िमांडे ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका ने चीन के साथ पेइतोउ नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम के क्षेत्र में प्रायोगिक अनुसंधान किया है. इसके अलावा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच सहयोग हुआ है. उनका मानना है कि चीन कई वर्षों से यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास की दौड़ में कोई भी विकासशील देश पीछे न रह जाए.
बता दें कि 11 से 14 सितंबर तक शांगहाई में 19वां फुच्यांग इनोवेशन फोरम 2026 आयोजित किया जा रहा है. फोरम का विषय है “नवाचार साझा करना, भविष्य को आकार देना: तकनीकी क्रांति के एक नए दौर के संदर्भ में वैश्विक विज्ञान और प्रौद्योगिकी समुदाय का मिशन”. 60 देशों व क्षेत्रों के साथ-साथ 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने मौलिक अनुसंधान, भविष्य के उद्योगों और क्षेत्रीय नवाचार जैसे विषयों पर अपने अत्याधुनिक विचारों और प्रथाओं को साझा किया, जिससे विश्व में नवाचार का संचार हुआ.
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–
डीकेपी/