Skip to content
Friday, 30 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राजनीति,राष्ट्रीय

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना, भाजपा पर लगाए आरोप

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना, भाजपा पर लगाए आरोप

रायपुर, 30 अक्टूबर . विपक्ष की प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं.

कांग्रेस की राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम ने से बात करते हुए कहा, “हम अक्सर अलग-अलग कामों से दिल्ली जाते रहते हैं, कभी कमेटी की बैठकों के लिए तो कभी अन्य कार्यों के लिए. लेकिन इस बार रामलीला मैदान में एक राष्ट्रीय आंदोलन होने जा रहा है, जिसमें महागठबंधन के सभी नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. यह एक बहुत बड़ी रैली होगी और हम भी इसमें हिस्सा लेने जा रहे हैं.”

भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जो बात कह रहे हैं, भाजपा कहीं न कहीं उसे मान रही है. इतने दिनों तक उन्हें लोकतंत्र बचाने की याद नहीं आई. जिस तरह से लोकतंत्र की हत्या हो रही है, संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, अब जाकर भाजपा को होश आया है कि लोकतंत्र बचाना है. इस तरह की रैलियां निकालने पर उन्हें शर्म आनी चाहिए.”

नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि 1 नवंबर को होने वाले ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली जा रहे हैं. उन्होंने कहा, “कुछ लोग आज जा रहे हैं और कुछ लोग कल जाएंगे. हमारा लक्ष्य इस राष्ट्रीय आंदोलन को सफल बनाना है.”

भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ पर उन्होंने कहा, “भाजपा वाले हमेशा बहाना ढूंढते रहते हैं, किसी न किसी तरीके से बचने का रास्ता खोजते हैं. लेकिन अब उनके बचने के दिन खत्म हो गए हैं. देश की जनता सब समझती है.”

पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने रैली के उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा, “1 नवंबर को दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया है. देश में वर्तमान में जो परिस्थितियां बन रही हैं, विशेषकर वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी तथ्यात्मक ढंग से हर जगह अपनी बात रख रहे हैं.”

उन्होंने आरोप लगाया, “किस प्रकार वोटों की चोरी की जाती है, कांग्रेस के वोटों को समाप्त किया जाता है, बदला जाता है और उसी के आधार पर भाजपा केंद्र और राज्यों में लगातार अपनी Government बनाती आ रही है. निरंकुशता और तानाशाही बढ़ती जा रही है, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है. इन्हीं सब मुद्दों को लेकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का नारा दिया गया है. यह बहुत बड़े स्तर पर होने वाला कार्यक्रम है, जिसमें देशभर से कई लाख लोग शामिल होंगे.”

विधायक संदीप साहू ने कहा कि एआईसीसी का निर्देश है कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को इस आंदोलन में पहुंचना है. उन्होंने कहा, “यह हमारी जिम्मेदारी भी है कि जिस तरीके से वोट चोरी हो रही है, उसके खिलाफ आवाज उठाई जाए. कांग्रेस पार्टी और अन्य सहयोगी दल लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. लेकिन जिस तरीके से भाजपा और उनके प्रवक्ता ज्ञानेश कुमार के बचाव में आते हैं, वह बहुत ही दुर्भाग्यजनक है.”

संदीप साहू ने कहा, “मीडिया के माध्यम से जो खुलासे हुए हैं, उनकी अवहेलना करके भाजपा उनका बचाव कर रही है. इसी को लेकर 1 नवंबर को रामलीला मैदान में एक बड़ा आंदोलन होने वाला है. लोकतंत्र बचाने के लिए हम सब यह यात्रा निकाल रहे हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “अपनी चोरी को छुपाने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है, लेकिन पूरे देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि वोट चोरी से पीएम मोदी की Government बन रही है. वोट चोरी करके ही वे सत्ता में आ रहे हैं.”

–

पीआईएम/एएस

Share