Skip to content
Friday, 6 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

वेस्टइंडीज के खिलाफ हसन महमूद का ‘छक्का’, टेस्ट फॉर्मेट में रच दिया इतिहास

वेस्टइंडीज के खिलाफ हसन महमूद का ‘छक्का’, टेस्ट फॉर्मेट में रच दिया इतिहास

सिलहट, 6 नवंबर . बांग्लादेशी तेज गेंदबाज हसन महमूद ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट चटकाए. इसी के साथ हसन ऑस्ट्रेलियाई स्टार नाथन लियोन के बाद ऐसे दूसरे गेंदबाज बन गए, जिन्होंने अपने पहले पांच ‘फाइव-विकेट हॉल’ पांच अलग-अलग देशों में लिए.

अगस्त में डार्विन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश की ऐतिहासिक टेस्ट जीत में अहम भूमिका निभाने वाले हसन महमूद ने सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में 24 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 90 रन देकर 6 शिकार किए. इस दौरान एक ओवर मेडन निकाला.

टेस्ट क्रिकेट में यह महमूद का पांचवां ‘फाइव-विकेट हॉल’ है. महमूद ने साल 2024 में रावलपिंडी में Pakistan के खिलाफ 43 रन देकर 5 शिकार किए थे, जबकि साल 2024 में चेन्नई में India के विरुद्ध 83 रन देकर 5 विकेट चटकाए.

साल 2026 में उन्होंने डार्विन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 55 रन देकर 6 विकेट, अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ 55 रन देकर 5 विकेट और अब सिलहट में वेस्टइंडीज के खिलाफ 90 रन देकर 6 विकेट हासिल किए.

उनसे पहले, सिर्फ नाथन लियोन ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने अपने पहले पांच ‘फाइव-विकेट हॉल’ अलग-अलग देशों में हासिल किए. ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने अपने शुरुआती पांच ‘फाइव-विकेट हॉल’ श्रीलंका (2011 में श्रीलंका के खिलाफ 34/5), वेस्टइंडीज (2012 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 68/5), India (2013 में India के खिलाफ 94/7), मेलबर्न (2013 में इंग्लैंड के खिलाफ 50/5) और साउथ अफ्रीका (2014 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 130/5) में लिए थे.

अक्टूबर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में हसन महमूद हैट्रिक लेकर अपने देश के पहले ऐसे तेज गेंदबाज बने, जिसने इस फॉर्मेट में लगातार तीन गेंदों पर विकेट चटकाए.

सिलहट में जारी इस मुकाबले की बात करें, तो वेस्टइंडीज ने आमिर जंगू (133) की शतकीय पारी की मदद से 356 रन बनाए. इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 3 विकेट खोकर 88 रन बना लिए हैं. वेस्टइंडीज ने सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से अपने नाम करते हुए बढ़त हासिल कर ली थी. अब यह टीम दूसरा और अंतिम मैच जीतकर 2-0 से ‘क्लीन स्वीप’ करना चाहेगी.

–

आरएसजी

Share