रूस की ताकत में होगा इजाफा, परमाणु पनडुब्बी पर्म जल्द पैसिफिक फ्लिट का बनेगी हिस्सा: पुतिन

मॉस्को, 28 नवंबर . रूस के President व्लादिमीर पुतिन ने ऐलान किया है कि परमाणु ऊर्जा से चलने वाली अत्याधुनिक पनडुब्बी ‘पर्म’ जल्द ही प्रशांत बेड़े (पैसिफिक फ्लीट) में शामिल होगी. इस कदम से प्रशांत क्षेत्र में रूस की नौसैनिक ताकत में बड़ा इजाफा होगा और क्षेत्रीय सुरक्षा संतुलन पर भी असर पड़ने की संभावना है.
क्रेमलिन ने आधिकारिक बयान जारी किया. जिसके मुताबिक, पुतिन ने Friday को सेवेरोडविंस्क स्थित सेवमाश शिपयार्ड में ‘पर्म’ पनडुब्बी पर रूसी नौसेना के ध्वजारोहण समारोह के दौरान ये ऐलान किया.
पुतिन ने बताया कि ‘पर्म’ पिछले छह वर्षों में रूसी नौसेना को सौंपी गई पांचवीं ‘यासेन-एम’ श्रेणी की परमाणु-संचालित पनडुब्बी है. रूस दुनिया के उन चुनिंदा देशों में से एक है जो इतनी उन्नत परमाणु-संचालित पनडुब्बियां बनाने में सक्षम हैं; ये पनडुब्बियां वैश्विक रणनीतिक महत्व वाले हथियार प्रणालियों का हिस्सा हैं. यह जानकारी समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ ने दी है.
क्रेमलिन के अनुसार, ‘पर्म’ चौथी पीढ़ी की एक बहुउद्देशीय परमाणु-संचालित पनडुब्बी है. यह रूसी नौसेना की पहली ऐसी पनडुब्बी है, जिसमें मुख्य हथियार के तौर पर ‘जिरकोन’ हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलें तैनात की गई हैं.
‘यासेन-एम’ श्रेणी की पनडुब्बियों को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि वे दुनिया के महासागरों के विभिन्न हिस्सों में बिना किसी की पकड़ में आए काम कर सकें. पुतिन ने कहा कि आने वाले समय में, ‘पर्म’ रूस की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए रूसी नौसेना के ‘पैसिफिक फ्लीट’ (प्रशांत बेड़े) में शामिल हो जाएगी.
पुतिन के मुताबिक, रूस अपनी नौसेना, विशेष रूप से अपनी पनडुब्बी बेड़े का विस्तार और आधुनिकीकरण जारी रखने की योजना बना रहा है. उन्होंने बताया कि सेवमाश शिपयार्ड में कई तरह की परमाणु-संचालित पनडुब्बियों का निर्माण चल रहा है. 2030 तक नौसेना को मिसाइल ले जाने वाली पांच पनडुब्बियां सौंपी जाएंगी, जिनमें ‘यासेन-एम’ श्रेणी की तीन पनडुब्बियां भी शामिल हैं.
पुतिन ने कहा कि जहाजों के बड़े पैमाने पर उत्पादन और हथियार प्रणालियों के आधुनिकीकरण से जहाज निर्माण और रक्षा उद्योगों में कामकाज स्थिर रहेगा, उन्नत तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा, और रूस की रक्षा क्षमताओं तथा तकनीकी संप्रभुता को मजबूती मिलेगी.
–
केआर/


