
Mumbai , 27 अगस्त . Bollywood फिल्मों में एक्टर और एक्ट्रेस को अलग-अलग तरह के रिश्तों में देखना कोई नई बात नहीं है. कभी दो कलाकार पर्दे पर एक-दूसरे के प्यार में डूबे नजर आते हैं, तो किसी दूसरी फिल्म में वही कलाकार भाई-बहन बन जाते हैं. फिल्मों की कहानी और किरदार बदलते रहते हैं, लेकिन ये अक्सर दर्शकों को चौंका देते है. रक्षाबंधन के मौके पर जब भाई-बहन के रिश्ते की बात होती है, तो Bollywood की ऐसी जोड़ियां भी याद आती हैं, जिन्होंने कभी पर्दे पर रोमांस किया और कभी भाई-बहन का रिश्ता निभाया. दिलचस्प बात यह है कि दर्शकों ने इन कलाकारों को दोनों ही रूपों में पसंद किया.
शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन – इस लिस्ट में सबसे चर्चित नाम शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन का है. दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है और उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. फिल्म ‘जोश’ में दोनों ने भाई-बहन का किरदार निभाया था. फिल्म में शाहरुख के किरदार का नाम मैक्स और ऐश्वर्या के किरदार का नाम शर्ली था. दोनों के बीच भाई-बहन की नोकझोंक और प्यार देखने को मिला. लेकिन, इसके बाद यही जोड़ी ‘मोहब्बतें’ और ‘देवदास’ जैसी फिल्मों में प्रेमी-प्रेमिका के रूप में नजर आईं. पर्दे पर रिश्ता पूरी तरह बदल गया, लेकिन दोनों ही अंदाज में कलाकारों को दर्शकों का प्यार मिला.
सलमान खान और नीलम कोठारी – सलमान खान और नीलम कोठारी ने भी अलग-अलग फिल्मों में अलग रिश्ते निभाए. फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ में दोनों भाई-बहन के किरदार में नजर आए थे. फिल्म में सलमान के किरदार विवेक और नीलम के किरदार का रिश्ता भाई-बहन का था. वहीं, इससे पहले दोनों ‘एक लड़का एक लड़की’ में रोमांटिक जोड़ी के रूप में दिखाई दिए थे. इस फिल्म में दोनों की प्रेम कहानी को दिखाया गया था. एक फिल्म में रोमांस और दूसरी फिल्म में भाई-बहन का रिश्ता, दोनों ही भूमिकाओं में उनकी जोड़ी ने दर्शकों का ध्यान खींचा.
रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा – रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा ने भी पर्दे पर रिश्ते बदले हैं. दोनों ने ‘गुंडे’ में रोमांटिक अंदाज दिखाया था. इसके अलावा ‘बाजीराव मस्तानी’ में भी दोनों के किरदारों के बीच खास रिश्ता देखने को मिला. लेकिन फिल्म ‘दिल धड़कने दो’ में दोनों भाई-बहन बने. रणवीर ने कबीर और प्रियंका ने आयशा का किरदार निभाया था. फिल्म में दोनों के बीच भाई-बहन की बॉन्डिंग, प्यार और छोटी-छोटी नोकझोंक देखने को मिली.
जूही चावला और अक्षय कुमार – जूही चावला और अक्षय कुमार की जोड़ी भी पर्दे पर कई अलग रंग दिखा चुकी है. दोनों ने फिल्म ‘खिलाड़ी’ में एक-दूसरे के साथ रोमांस किया था. फिल्म में दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया गया. इसके बाद दोनों ‘एक रिश्ता: द बॉन्ड ऑफ लव’ में भाई-बहन के रिश्ते में नजर आए. यहां उनका रिश्ता पूरी तरह बदल गया था. जहां एक फिल्म में दोनों के बीच प्यार दिखाया गया, वहीं दूसरी फिल्म में परिवार और भाई-बहन के रिश्ते की भावनाएं देखने को मिलीं.
करीना कपूर और तुषार कपूर – करीना कपूर और तुषार कपूर ‘मुझे कुछ कहना है’ में रोमांटिक जोड़ी के रूप में नजर आए थे. फिल्म की कहानी में दोनों के किरदार एक-दूसरे को पसंद करते हैं और उनके बीच प्यार दिखाया गया था. इसके बाद ‘गोलमाल रिटर्न्स’ में दोनों भाई-बहन बने. इस फिल्म में उनके बीच भाई-बहन वाली नोकझोंक और मजेदार रिश्ते को दिखाया गया. कॉमेडी के अंदाज में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया.
दीपिका पादुकोण और अर्जुन रामपाल – दीपिका पादुकोण और अर्जुन रामपाल की जोड़ी ने भी फिल्मों में दो बिल्कुल अलग रिश्ते निभाए. दीपिका की डेब्यू फिल्म ‘ओम शांति ओम’ में दोनों के बीच रोमांटिक रिश्ता था. फिल्म में अर्जुन रामपाल का किरदार दीपिका के किरदार शांति के प्यार में था. वहीं, बाद में ‘हाउसफुल’ में दोनों भाई-बहन के रूप में दिखाई दिए. यहां उनका रिश्ता बिल्कुल अलग था और दोनों को भाई-बहन की भूमिका में देखकर दर्शकों को एक अलग तरह का अनुभव मिला.
अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी – अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की जोड़ी हिंदी सिनेमा की चर्चित जोड़ियों में रही है. दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और पर्दे पर रोमांस भी किया. ‘बागबान’, ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘बाबुल’ और ‘नसीब’ जैसी फिल्मों में दोनों अलग-अलग तरह के रिश्तों में नजर आए. वहीं, फिल्म ‘गहरी चाल’ में अमिताभ बच्चन ने हेमा मालिनी के बड़े भाई की भूमिका निभाई थी.
–
पीके/एबीएम