Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
सिनेमा,मनोरंजन

माधुरी दीक्षित के कटआउट ने आमिर खान को जब दिया धोखा, सचिन पिलगांवकर ने सुनाया मजेदार किस्सा

माधुरी दीक्षित के कटआउट ने आमिर खान को जब दिया धोखा, सचिन पिलगांवकर ने सुनाया मजेदार किस्सा

Mumbai , 28 अक्टूबर . Bollywood एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने अपनी फिल्म ‘प्रेम दीवाने’ की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए उनके ऐसे कटआउट तैयार किए गए थे, जो बिल्कुल उनके असली रूप जैसे दिखते थे. इन कटआउट को देखकर न सिर्फ माधुरी की एक दोस्त धोखा खा गई थीं बल्कि Bollywood एक्टर आमिर खान भी उन्हें माधुरी समझ बैठे थे. एक्ट्रेस ने यह मजेदार किस्सा रियलिटी गेम शो ‘कौन होणार करोड़पति’ में बातचीत के दौरान सुनाया.

माधुरी ने किस्सा सुनाते हुए कहा, ”मैं आपको एक मजेदार बात बताती हूं. जब हम फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, तब मेरी एक दोस्त सेट पर आई थी. उसे पहुंचने में थोड़ी देर हो गई थी और वह सीधे सेट पर चली गई जबकि मैं अपने कमरे में थी. अचानक वह भागते हुए मेरे कमरे में आई और बोली, ‘माधुरी, तुमने वहां ये कटआउट क्यों लगवाए हैं? मैं उनमें से एक के पास गई और उससे बात करने लगी. फिर मुझे एहसास हुआ कि वह तो कटआउट है.”’

इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर सचिन पिलगांवकर ने भी बताया कि इन कटआउट को तैयार करने के पीछे क्या वजह थी और इन्हें असली जैसा दिखाने के लिए कितनी मेहनत की गई थी.

सचिन पिलगांवकर ने कहा, ”ये कटआउट फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा थे. फिल्म में जैकी श्रॉफ का किरदार माधुरी के किरदार से अलग होने के बाद भी उसकी यादों के साथ जीता है. वह अपने घर में माधुरी के किरदार की तस्वीरों और कटआउट के बीच रहता है. मैं चाहता था कि ये कटआउट इतने असली लगें कि उन्हें देखकर कोई भी धोखा खा जाए. इसके लिए हमने माधुरी की लंबाई का सही माप लिया और एक खास फोटोशूट किया. हमने अलग-अलग कपड़ों और लुक में उनकी तस्वीरें लेने के लिए पूरा एक दिन बिताया था.”

सचिन ने बताया कि आमिर खान के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था. आमिर उस समय पास में ही शूटिंग कर रहे थे और उनसे मिलने फिल्म के सेट पर आए थे. सेट पर उस वक्त लाइटें भी नहीं जली थीं. ऐसे में आमिर की नजर वहां रखे माधुरी के एक कटआउट पर पड़ी और वह उसे असली माधुरी समझ बैठे.

इस घटना को याद करते हुए सचिन ने कहा, ”आमिर भी जब मुझसे मिलने सेट पर आए, तो उनके साथ भी यही हुआ. वह आसपास ही शूटिंग कर रहे थे. हमारे सेट की लाइटें जली नहीं थीं. वह अंदर आए, इधर-उधर देखा और उन्हें माधुरी का एक कटआउट नजर आया. एक पल के लिए उन्हें लगा कि वह माधुरी हैं और उन्होंने कटआउट को देखकर हाथ हिला दिया. तब मैंने उनसे कहा, ‘वह कटआउट है.’ उन्हें इतनी खूबसूरती से बनाया गया था. इन्हें तैयार करने और इनके साथ सीन शूट करने में बहुत मजा आया था.”

बता दें कि साल 1992 में रिलीज हुई ‘प्रेम दीवाने’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म थी, जिसका निर्देशन सचिन पिलगांवकर ने किया था और निर्माण अशोक घई ने किया था. फिल्म में जैकी श्रॉफ, माधुरी दीक्षित, विवेक मुश्रान और पूजा भट्ट मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. फिल्म का संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया था जबकि इसके गाने आनंद बख्शी ने लिखे थे.

–

पीके/पीएम

Share