मथुरा: जन्माष्टमी पर 75 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान, सुरक्षा-ट्रैफिक के लिए खास प्लान

मथुरा, 3 सितंबर . भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी की तैयारियां अंतिम दौर में हैं. इस बार करीब 75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है. पिछले साल 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु यहां पहुंचे थे. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन, Police और नगर निगम ने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं.

मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने से बात करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव उनकी जन्मभूमि पर बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा. भगवान श्रीकृष्ण ने पूरी दुनिया को मानवता, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया है. ऐसे में उनके जन्मोत्सव पर लाखों श्रद्धालुओं का मथुरा पहुंचना अपने आप में बड़ी बात है.

इस बार 75 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना पर डीएम ने कहा कि प्रशासन इसे चुनौती के तौर पर नहीं, बल्कि सेवा का अवसर मानता है. उन्होंने कहा कि Police बल, मजिस्ट्रेट और जिला प्रशासन के अधिकारी इस भावना के साथ ड्यूटी कर रहे हैं कि ब्रज में नौकरी करना और भगवान के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना सौभाग्य की बात है.

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे मथुरा और वृंदावन में सुविधाएं बढ़ी हैं, यहां आने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ रही है. बड़े होटल और अन्य ठहरने की सुविधाएं विकसित हुई हैं. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से भी श्रद्धालुओं में भरोसा बढ़ा है.

जन्माष्टमी को लेकर जिला प्रशासन पिछले करीब 15 दिनों से लगातार बैठकें कर रहा है. Police और प्रशासन के अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की है. बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह शौचालय, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर काम किया गया है.

नगर निगम को विशेष रूप से सफाई व्यवस्था, सजावट और जलभराव रोकने के निर्देश दिए गए हैं. बारिश के मौसम को देखते हुए इस बात पर भी नजर रखी जा रही है कि कहीं जलभराव न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.

जिलाधिकारी ने बताया, जन्माष्टमी के अवसर पर Chief Minister योगी भी मथुरा पहुंच रहे हैं. इस दौरान करीब 1,051 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इन परियोजनाओं से मथुरा और ब्रज क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आने वाले समय में श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.

डीएम ने बताया कि समाज के ऐसे लोगों पर भी ध्यान दिया गया है जो लंबे समय से उपेक्षित रहे हैं. जिले के 321 सपेरा परिवारों को Chief Minister आवास योजना का लाभ दिया गया है. इन परिवारों के लिए जमीन का आवंटन कराया गया है. लाभार्थी Chief Minister को धन्यवाद देने के लिए कार्यक्रम में पहुंचेंगे. इसके अलावा सात हजार से अधिक गरीब परिवारों को आवास के लिए एक-एक लाख रुपये की किस्त और स्वीकृत की जा रही है.

जन्माष्टमी के अवसर पर स्वामी हरिदास के नाम पर एक हजार से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाले सभागार का भी लोकार्पण किया जा रहा है. इसका उद्देश्य ब्रज के कलाकारों को अपनी कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच देना है.

मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कनेक्टिविटी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. डीएम ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन को जोड़ने वाले करीब 251 करोड़ रुपए के फोरलेन हाईवे का भी लोकार्पण किया जा रहा है. इसके अलावा एक ऐसे स्थान पर जहां अक्सर जाम की समस्या रहती थी, करीब 45 करोड़ रुपए की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है. इसके साथ ही कई अन्य सड़क और विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है.

उनका कहना है कि बेहतर सड़क और यातायात व्यवस्था से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी आसान होगी.

पीआईएम/वीसी

Leave a Comment