Skip to content
Saturday, 21 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
विज्ञान/प्रौद्योगिकी,व्यापार

मजबूत एफपीआई इनफ्लो से निफ्टी और सेंसेक्स लगातार चौथे हफ्ते बढ़त के साथ बंद

मजबूत एफपीआई इनफ्लो से निफ्टी और सेंसेक्स लगातार चौथे हफ्ते बढ़त के साथ बंद

Mumbai , 21 नवंबर . विदेशी निवेशकों के मजबूत निवेश और बैंकिंग शेयरों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में लगातार चौथे सप्ताह तेजी दर्ज की गई. वैश्विक स्तर पर एआई से जुड़ी और टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली के बावजूद घरेलू बाजार में मजबूती देखी गई.

सप्ताह के दौरान निफ्टी में 2.61 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई. सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन इसमें 1.12 प्रतिशत की तेजी आई और यह 25,800 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं, कारोबार के अंत में सेंसेक्स 897 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,592 पर बंद हुआ. साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स में 2.85 प्रतिशत की तेजी रही.

बैंकिंग शेयर बाजार में तेजी के प्रमुख वाहक बने रहे. बैंक निफ्टी में सप्ताह के दौरान 5.6 प्रतिशत की जोरदार बढ़त दर्ज की गई और इसने नया रिकॉर्ड उच्च स्तर बनाया. सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और निजी बैंकों के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही. इसके अलावा ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, वित्तीय और रियल्टी क्षेत्र के शेयरों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. वहीं, एआई कंपनियों के मूल्यांकन को लेकर वैश्विक चिंताओं के कारण आईटी शेयरों में उतार-चढ़ाव बना रहा.

एक विश्लेषक ने कहा, “वॉल स्ट्रीट और एशियाई बाजारों में बिकवाली बढ़ने के बावजूद घरेलू शेयर बाजार मजबूती के साथ टिके रहे. निवेशकों ने एआई से जुड़े लोकप्रिय निवेश विकल्पों से पैसा निकालकर भारतीय शेयरों का रुख किया. हालांकि, बाजार में व्यापक भागीदारी एकसमान नहीं रही. मिडकैप शेयरों में मामूली बढ़त दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप सूचकांकों का प्रदर्शन प्रमुख सूचकांकों की तुलना में कमजोर रहा.”

सप्ताह के दौरान निफ्टी मिडकैप 100 में 0.23 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.09 प्रतिशत की गिरावट आई.

विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने इस महीने अब तक कुल मिलाकर करीब 1,11,950 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया है, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने लगभग 61,787 करोड़ रुपए की शुद्ध निकासी की है.

बाजार प्रतिभागियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों के मजबूत निवेश, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और मुद्रा बाजार की स्थिति में सुधार से भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती दिखाई है.

उन्होंने कहा, “गिरावट पर खरीदारी की रणनीति को प्राथमिकता मिलने की संभावना है. निवेशक तेजी के पीछे भागने के बजाय मजबूत बुनियादी स्थिति वाली कंपनियों और बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों को तरजीह दे सकते हैं.”

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और इनके 81-84 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में आने से आयात लागत और महंगाई के दबाव में कुछ राहत मिली है. हालांकि, यह सुधार महंगाई के प्रतिकूल आंकड़ों के बीच आया है.

अक्टूबर में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत हो गई, जो भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की निर्धारित ऊपरी सहनशीलता सीमा से अधिक है. वहीं, खाद्य महंगाई दर 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गई.

निफ्टी 50 के लिए तत्काल प्रतिरोध स्तर 25,800-26,000 के आसपास है, जबकि इसका प्रमुख सपोर्ट स्तर 25,700-25,600 पर बना हुआ है. बैंक निफ्टी के लिए तत्काल प्रतिरोध स्तर 65,000 और सपोर्ट स्तर 64,000 के आसपास है.

–

एबीएस

Share