
Lucknow, 28 सितंबर . उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन को क्षेत्रवार मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ-सहारनपुर दौरे के बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संभावित रूप से ब्रज क्षेत्र में दो दिवसीय प्रवास का कार्यक्रम है. सूत्रों के अनुसार, यह दौरा अक्टूबर के पहले सप्ताह में संभावित है, हालांकि कार्यक्रम की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है.
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में दो-दिवसीय प्रवास के जरिए संगठन और चुनावी तैयारियों की जमीनी स्थिति जानने का क्रम शुरू किया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ और सहारनपुर के बाद अब ब्रज क्षेत्र के मथुरा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रवास प्रस्तावित है. इस दौरान उनके प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, Chief Minister योगी आदित्यनाथ और संगठनमंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहेंगे.
उन्होंने बताया कि ब्रज क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नवीन स्थानीय सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लेंगे. इसके अलावा बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक संगठन की स्थिति की जानकारी ली जाएगी. पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से मिलने वाली प्रतिक्रिया को भी बैठक में अहमियत दी जाएगी.
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में संगठन के पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद भी महत्वपूर्ण हिस्सा होगा. इस दौरान लंबे समय से पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं की समस्याओं और संगठन को लेकर उनकी अपेक्षाओं को सुना जाएगा. किसी स्तर पर नाराजगी है तो उसे दूर करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों से जोड़ने पर भी जोर रहेगा.
भाजपा नेतृत्व का फोकस केवल चुनावी रणनीति बनाने तक सीमित नहीं है बल्कि संगठन की जमीनी मजबूती और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बेहतर करने पर भी है. इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर स्थानीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर रहे हैं. इससे पहले नितिन नबीन ने 21 और 22 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और सहारनपुर का दो दिवसीय दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक संगठन की तैयारियों की समीक्षा की तथा पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद किया था.
सहारनपुर में उन्होंने पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की थी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाद ब्रज क्षेत्र में संभावित दो दिवसीय प्रवास को भी इसी संगठनात्मक अभियान की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी का जोर विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के सभी स्तरों को सक्रिय करने और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का समाधान करने पर है.
–
विकेटी/पीएम