बीबीएल: मेलबर्न स्टार्स से जुड़े न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन

मेलबर्न, 10 सितंबर . मौजूदा दौर में टी20 के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक न्यूजीलैंड के फिन एलन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) द्वारा संचालित बिग बैश लीग (बीबीएल) लीग के आगामी सीजन के लिए मेलबर्न स्टार्स के साथ करार किया है.

एलन के जुड़ने से ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ियों वाली मेलबर्न स्टार्स और मजबूत हुई है. बीबीएल का अगला सीजन 12 दिसंबर से शुरू हो रहा है. एलन पिछले सीजन पर्थ स्कॉर्चर्स का हिस्सा थे और टीम के लिए सबसे ज्यादा रन उन्होंने बनाए थे. एलन ने स्कॉर्चर्स के लिए 42.36 की औसत से 466 रन बनाए थे.

मेलबर्न स्टार्स से जुड़ने पर एलन ने कहा, “इस लीग में स्टार्स एक पावरहाउस टीम है. उनके लिए खेलना बहुत मजेदार होगा. उनके पास पहले से ही एक बहुत बड़ा फैनबेस है. वे और भी बड़े होते जा रहे हैं. मैं इसका हिस्सा बनने का इंतजार नहीं कर सकता. मुझे लगता है कि सभी क्रिकेटर एमसीजी में खेलना पसंद करते हैं, इसलिए इसे अपना होम ग्राउंड कह पाना वाकई रोमांचक है.”

एलन का वर्ष 2026 में टी20 में शानदार प्रदर्शन रहा है. उन्होंने इस सीजन में लीग और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई यादगार पारियां खेली हैं.

दाएं हाथ के इस विस्फोटक सलामी बल्लेबाज ने वर्ष की शुरुआत में बीबीएल में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए 53 गेंदों पर 101 रन बनाए. इसके बाद टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 33 गेंदों पर शतक लगाकर न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाया. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में केकेआर के खेलते हुए भी उन्होंने 47 गेंदों पर शतक लगाया था.

बिग बैश लीग के अपडेटेड प्लेयर साइनिंग रेगुलेशन के तहत, मेलबर्न स्टार्स को सीधे तीन इंटरनेशनल प्लेयर्स तक चुनने की इजाजत है, क्योंकि इस साल ओवरसीज प्लेयर ड्राफ्ट शेड्यूल नहीं है. एलन अब बीबीएल 16 के लिए स्टार्स द्वारा साइन किए गए 12वें खिलाड़ी हैं, जिससे रोस्टर में छह जगह खाली हैं.

फिन एलन का न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के साथ कैजुअल अनुबंध है. वह राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए उपलब्ध रहते हुए भी लीग क्रिकेट में खेल सकते हैं.

एलन ने न्यूजीलैंड के लिए 62 मैचों की 61 पारियों में 3 शतक और 7 अर्धशतक लगाते हुए 170.73 की स्ट्राइक रेट से 1,663 रन बनाए हैं. वहीं, ओवरऑल टी20 करियर में इस खिलाड़ी ने 215 मैचों की 212 पारियों में 10 बार नाबाद रहते हुए 7 शतक और 36 अर्धशतक की मदद से 6,024 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 176.50 रहा है. सर्वाधिक स्कोर 151 है.

पीएके

Leave a Comment