Skip to content
Sunday, 18 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

बीबीएल: मेलबर्न रेनेगेड्स पर संजय गोविल की नजर, बिक्री प्रक्रिया में आईपीएल टीमों के मालिक भी शामिल होंगे

बीबीएल: मेलबर्न रेनेगेड्स पर संजय गोविल की नजर, बिक्री प्रक्रिया में आईपीएल टीमों के मालिक भी शामिल होंगे

New Delhi, 17 अक्टूबर . बिग बैश लीग (बीबीएल) के निजीकरण की मंजूरी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया दे चुका है. लीग की फ्रेंचाइजी मेलबर्न रेनेगेड्स की बिक्री प्रक्रिया का पहला चरण शुरू हो गया है. अमेरिकन टेक एंटरप्रेन्योर संजय गोविल क्लब की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी या फिर पूरी तरह से खरीदने की दौड़ में आगे चल रहे हैं.

सीए, क्रिकेट विक्टोरिया और उनके कंसल्टेंट राइन ग्रुप ने औपचारिक रूप से क्लब की 100 प्रतिशत खरीददारी में दिलचस्पी दिखाने वालों को बुलाया है. इसमें कई आईपीएल टीमों के मालिकों के शामिल होने की संभावना है. 100 प्रतिशत पर बेचे गए क्लबों का मतलब होगा कि वे पूरी तरह से उस निवेशक के मालिक होंगे, जो उनके पूरे ऑपरेशन को चलाएगा.

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में वाशिंगटन फ्रीडम के मालिक और वेल्श फायर के को-ओनर गोविल ने कहा, “मैं प्रक्रिया का पालन कर रहा हूं. मुझे रेनेगेड्स में दिलचस्पी है, यह रडार पर है. मुझे लगता है कि बहुत सारे बड़े खिलाड़ी इसमें दिलचस्पी लेंगे. मुझे इस बात पर ध्यान देना होगा कि मैं क्या कर सकता हूं. मैं बोली लगाने की लड़ाई में नहीं पड़ना चाहता.”

गोविल की नजरें होबार्ट हरिकेन्स पर भी हैं.

उन्होंने कहा, “अगर आप वेल्श फायर और फ्रीडम को देखें, तो हमारी फ्रेंचाइजी दूसरों की तुलना में थोड़ी छोटी हैं. कुछ बड़े खिलाड़ी हैं, जो बड़ी टीमों के पीछे जाना चाहते हैं. मुझे होबार्ट पसंद है, वे एक जीतने वाली टीम हैं. हम उन टीमों में ज्यादा असर डाल सकते हैं.”

हरिकेन्स के नए ग्राउंड में निवेश की संभावना पर गोविल ने कहा, “मुझे इसमें बिल्कुल दिलचस्पी होगी. मैं यह पक्का करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं कि हमारे पास सबसे अच्छी सुविधाएं हों.”

क्रिकेट विक्टोरिया रेनेगेड्स की 100 प्रतिशत बिक्री की तैयारी कर रहा है.

‘द हंड्रेड’ फ्रेंचाइजी में जब हिस्सेदारी बेची गई, तो गोविल ने वेल्श फायर में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया.

उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ एक निवेशक नहीं बनना चाहता. मुझे टीमों को सक्रियता के साथ मैनेज करना पसंद है. मेरे पास जो टीमें हैं, उनमें मेरी कम से कम 50 प्रतिशत या 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है.”

गोविल ने कहा, “मैं सिर्फ बदलाव में विश्वास नहीं करता. मेरा हमेशा से मानना है कि स्थानीय पहचान और स्थानीय संस्कृति बहुत जरूरी है. परंपराओं को जारी रखने की जरूरत है.”

गोविल ने कहा, “खेल ऐसी चीज है, जिसे एआई रिप्लेस नहीं कर सकता. यह एक बहुत बड़ा एसेट है. यह मजेदार है. यह टीमवर्क है और इसमें वो सब कुछ शामिल है, जिसका लोग आनंद लेते हैं. मेरे लिए, बीबीएल दुनिया की नंबर दो टी20 लीग है. इसमें शामिल होने का यह एक शानदार मौका है.”

अगर गोविल बीबीएल में निवेश करते हैं, तो उनके पास क्रिकेट के बड़े देशों में दो क्लब होंगे, साथ ही आईसीसी के नंबर 1 टारगेट मार्केट यूएस में भी एक क्लब होगा.

–

पीएके

Share