बिग बॉस में इमोशनल हुए स्काउट, कहा-हॉस्टल में बीता बचपन, इसलिए नहीं आती किसी की याद

Mumbai , 30 सितंबर . भारतीय गेमर और ई-स्पोर्ट्स क्रिएटर तन्मय सिंह (स्काउट ओपी) इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस -20’ में नजर आ रहे हैं. शो के दौरान स्काउट ने कंटेस्टेंट माही के साथ बातचीत में बताया कि उन्हें अब लोगों की याद नहीं आती है.

दरअसल, बिग बॉस-20 के आगामी एपिसोड में तन्मय सिंह (स्काउट ओपी) ने माही को बताया कि उनका ज्यादातर बचपन हॉस्टल में बीता है और उस समय वह स्पोर्ट्स में काफी एक्टिव रहे थे, जिसकी वजह से धीरे-धीरे हॉस्टल ही उनका घर बन गया और घर हॉस्टल जैसा लगने लगा.

उन्होंने कहा कि वो अपने माता-पिता और अपनी गर्लफ्रेंड को बहुत पसंद करते हैं. उनके लिए वह कुछ भी कर सकते हैं लेकिन उन्हें किसी की याद नहीं आती है और न ही आज तक उन्हें समझ आया कि ऐसा उनके साथ क्यों होता है.

स्काउट ओपी का असली नाम तन्मय सिंह है और वे India के सबसे लोकप्रिय पेशेवर ई-स्पोर्ट्स खिलाड़ियों, गेमिंग कंटेंट क्रिएटर्स और स्ट्रीमर्स में से एक हैं. बचपन में उनका सपना एक पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ी बनने का था और उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल खेला भी था. अभ्यास के दौरान पैर में गंभीर चोट लगने के कारण उनका फुटबॉल का करियर आगे नहीं बढ़ पाया. मानसिक तनाव और डिप्रेशन से उबरने के लिए उन्होंने वीडियो गेम खेलना शुरू किया, जो बाद में उनका मुख्य करियर बन गया.

स्काउट ने पब्जी मोबाइल और बीजीएमआई (बैटल ग्राउंड मोबाइल इंडिया) जैसे मोबाइल गेम्स में अपनी शानदार और आक्रामक गेमप्ले से जबरदस्त पहचान बनाई. वह अपनी सटीक एम्स और बेहतरीन इन-गेम लीडरशिप के लिए जाने जाते हैं.

‘बिग बॉस 20’ की शुरुआत 6 सितंबर से हुई है. इस सीजन में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 16 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स को घर में लाया गया है. शो में एमसी मैरी कॉम, कनिका मान, माही विज, कुशाल तंवर, अमन गांधी, ईशा रिखी, अरिश्फा खान, काजी तौकीर, आसिफ खान, आम्रपाली दुबे, रिति तिवारी, उदिति सिंह, तन्मय सिंह उर्फ स्काउट ओपी, रोहेद खान, यंग डीएसए और लव गिल जैसे नाम शामिल हैं.

‘बिग बॉस’ भारतीय हिंदी रियलिटी शो है, जो डच फॉर्मेट ‘बिग ब्रदर’ पर आधारित है. ‘बिग बॉस 20’ का प्रसारण कलर्स पर होता है जबकि दर्शक इसे जियो हॉटस्टार पर भी देख सकते हैं.

–

एनएस/पीएम

Leave a Comment