Skip to content
Saturday, 28 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

बाल विवाह के विरुद्ध भागलपुर के दो गांवों में जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को किया गया जागरूक

बाल विवाह के विरुद्ध भागलपुर के दो गांवों में जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को किया गया जागरूक

भागलपुर, 26 नवंबर . महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के जिला हब फॉर वुमेन एम्पावरमेंट (डीएचईडब्ल्यू) तथा जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के सौजन्य से मुक्ति निकेतन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जिले के दो गांवों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया.

इस अभियान के तहत जगदीशपुर प्रखंड के कनेरी गांव एवं सबौर प्रखंड के लोदीपुर गांव में प्रभात फेरी के साथ सखी वार्ता का आयोजन किया गया. प्रभात फेरी के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक करते हुए बच्चों के अधिकार, बालिकाओं की शिक्षा एवं बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया.

आयोजित सखी वार्ता में महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मनीष शंकर, जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी), डीएचईडब्ल्यू तबरेज खान एवं फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट (एफएलएस) अभिषेक सुमन की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इनके द्वारा ग्रामीणों एवं उपस्थित महिलाओं के बीच बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे बचाव के उपायों तथा विवाह की कानूनी उम्र के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की गई. बताया गया कि India में लड़कियों के विवाह की न्यूनतम कानूनी उम्र 18 वर्ष एवं लड़कों की 21 वर्ष है. बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास को प्रभावित करने के साथ उनके भविष्य और अधिकारों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है.

इस दौरान मिशन शक्ति की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी भी दी गई. इसमें महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की भूमिका एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया. साथ ही किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया.

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलाई गई कि वे न तो स्वयं बाल विवाह करेंगे और न ही अपने परिवार अथवा समाज में किसी को ऐसा करने देंगे. ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास किसी परिवार में बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पंचायत, प्रशासन अथवा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दें. आवश्यकता पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर भी सूचना देकर बाल विवाह को समय रहते रोका जा सकता है.

कार्यक्रम में मुक्ति निकेतन, भागलपुर के जिला समन्वयक कृष्ण कुमार मंडल, प्रखंड समन्वयक नवल किशोर मंडल एवं शशि मेहता, सीएसडब्ल्यू बिपिन कुमार, दीपक सिंह, सोमेश कुमार, हेमा कुमारी, बिनीता झा एवं स्वीटी प्रिया सहित अन्य कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही.

इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास को मजबूत करना है.

–

डीकेपी/

Share