‘बच्चों को माफ कर दें’, अंतिम संस्कार के वायरल वीडियो पर संजय गुप्ता की पत्नी ने तोड़ी चुप्पी

Mumbai , 2 नवंबर . फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस बीच फिल्ममेकर के अंतिम संस्कार के बाहर का एक वीडियो social media पर वायरल हो रहा है, जिसके चलते उनके बच्चों को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. अब संजय की पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने मीडिया से भावुक अपील की है.
उन्होंने कहा कि उनके बच्चों की निजता का सम्मान किया जाए और उन्हें अपने पिता को खोने के दुख से उबरने के लिए थोड़ा समय और जगह दी जाए.
दरअसल, संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार के बाद उनके बच्चों का एक वीडियो social media पर वायरल हुआ था. इसमें कथित तौर पर उनकी बेटी श्मशान घाट के बाहर मौजूद पैपराजी की ओर मिडिल फिंगर दिखाती नजर आई थीं. वीडियो में उनका बेटा भी इसी तरह का इशारा करता दिखाई दिया. इस वीडियो के सामने आने के बाद social media पर कई लोगों ने बच्चों के व्यवहार की आलोचना की. कुछ लोगों ने इस बात पर भी सवाल उठाए कि पिता के अंतिम संस्कार के बाद कार से जाते समय दोनों बच्चे मुस्कुराते और हंसते हुए क्यों दिखाई दिए.
इस पूरे विवाद के बीच फिल्ममेकर मिलाप जावेरी ने अनुराधा का बयान अपने social media अकाउंट पर पोस्ट किया. अपने नोट में अनुराधा ने सबसे पहले मुश्किल समय में परिवार का साथ देने वाले लोगों का आभार जताया. उन्होंने लिखा, ”दिल से शुक्रिया, जिन्होंने इस मुश्किल वक्त में हमें संवेदनाएं और हिम्मत दी. हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा हमेशा के लिए चला गया है और इस कमी को कोई भी चीज पूरी नहीं कर सकती.”
अनुराधा ने संजय के निधन के बारे में बताते हुए लिखा, ”गलती से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जो उनकी असमय मौत की वजह बनी. संजय अपने परिवार और बच्चों से बेहद प्यार करते थे. हमारे बच्चे अभी टीनएज में हैं और उन्होंने अचानक अपने पिता को खो दिया है. ऐसे में वे इस गहरे दुख को समझने और उससे उबरने की कोशिश कर रहे हैं.”
मीडिया से अपील करते हुए अनुराधा ने आगे लिखा, ”बच्चे हमेशा से कैमरों की चकाचौंध और पैपराजी की दखलअंदाजी से दूर रहे हैं. ऐसे मुश्किल समय में अचानक उनकी निजता में दखल दिए जाने से वे काफी परेशान हो गए थे. दुख और तकलीफ की इस घड़ी में बच्चों की कुछ प्रतिक्रियाएं मीडिया के कुछ लोगों की ओर हो सकती हैं. इसके लिए मुझे काफी खेद है. इन प्रतिक्रियाओं को एक ऐसे बच्चे के नजरिए से समझने की जरूरत है, जिसने अभी-अभी अपने पिता को खोया है और इस नुकसान को स्वीकार करने की कोशिश कर रहा है.”
अनुराधा ने मीडिया और social media यूजर्स से बच्चों के प्रति नरमी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा, ”बच्चों को माफ किया जाए और ऐसी कंटेंट को हटाया जाए, जो उनके मन पर लंबे समय तक असर डाल सकती है. मेरा लोगों से अनुरोध है कि बच्चों को अपने पिता के निधन का दुख मनाने के लिए निजता, संवेदनशीलता और जरूरी समय दिया जाए.”
मिलाप जावेरी ने अनुराधा का बयान पोस्ट करते हुए लिखा, ”यह मीडिया में काम करने वाले सभी दोस्तों से एक अपील है”
बता दें कि फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर को 57 साल की उम्र में निधन हो गया था. शुरुआती Police जांच के मुताबिक, Mumbai के वर्सोवा स्थित घर में रात के समय उनका संतुलन बिगड़ गया था और वह रसोई में गिरकर दीवार से टकरा गए थे. इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई. उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे. अगली सुबह उन्हें इस घटना का पता चला और संजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वर्सोवा Police ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी.
–
पीके/डीकेपी


