बंगाल की खाड़ी में भारत व म्यांमार के युद्धपोतों का संयुक्त युद्धाभ्यास

New Delhi, 16 नवंबर बंगाल की खाड़ी में India और म्यांमार की नौसेनाओं ने एक साथ समुद्री ताकत और तालमेल का प्रदर्शन किया. दोनों देशों के युद्धपोतों ने संयुक्त युद्धाभ्यास कर समुद्र में अपनी परिचालन क्षमताओं को परखा है. इस दौरान दोनों देशों की नौसेना ने एक-दूसरे के साथ बेहतर तालमेल बनाने का अभ्यास भी किया.
दरअसल, यह India और म्यांमार के बीच हुआ आठवां द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘इमनेक्स-26’ था. दोनों देशों के इस नौसैनिक अभ्यास ‘इमनेक्स-26’ का विशाखापत्तनम में समापन हुआ. इस अभ्यास में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस राणा और आईएनएस सुमेधा ने म्यांमार नौसेना के युद्धपोत यूएमएस किंग सिन फ्यू शिन के साथ हिस्सा लिया. अभ्यास का आयोजन बंदरगाह और समुद्री, दो चरणों में किया गया.
नौसेना के मुताबिक बंदरगाह चरण में दोनों देशों के नौसैनिकों ने एक-दूसरे के युद्धपोतों का दौरा किया. विशेषज्ञों ने विभिन्न पेशेवर और ऑपरेशनल विषयों पर विचार साझा किए. इसके साथ ही खेल गतिविधियों के जरिए भी दोनों देशों के नौसैनिकों को आपस में जुड़ने और अनुभव साझा करने का अवसर मिला. इस चरण का खास उद्देश्य एक-दूसरे की कार्यप्रणाली और समुद्री अभियानों से जुड़ी प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझना था. इसके बाद बंगाल की खाड़ी में इस नौसैनिक अभ्यास का समुद्री चरण शुरू किया गया.
समुद्री अभ्यास के दौरान तीनों युद्धपोतों ने संयुक्त समुद्री गतिविधियों और परिचालन अभ्यासों में हिस्सा लिया. समुद्र में अभ्यास करते हुए समन्वित समुद्री गतिविधियों और सामरिक अभ्यासों के जरिए युद्धपोतों के बीच तालमेल को परखा गया. साथ ही, समुद्र में संयुक्त अभियानों के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया. इस अभ्यास से दोनों नौसेनाओं को एक-दूसरे की क्षमताओं, परिचालन तौर-तरीकों और सामरिक प्रक्रियाओं को करीब से समझने का अवसर मिला है.
आठवें संस्करण का यह नौसैनिक अभ्यास India और म्यांमार के बीच समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए भी अहम रहा. यह पूरा अभ्यास India की ‘महासागर’ परिकल्पना और ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के अनुरूप है. ‘महासागर’ यानी विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति की सोच के तहत India अपने समुद्री पड़ोसियों के साथ सहयोग मजबूत कर रहा है.
इमनेक्स-26 का सफल समापन दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच बढ़ते तालमेल और समुद्री क्षेत्र में साझा सहयोग को नई मजबूती देने वाला रहा.
–
जीसीबी/डीकेपी


