फूड फैक्ट : स्नैक्स खरीदने से पहले पलटें पैकेट, सेहत के लिए तीन चीजें चेक करना बेहद जरूरी

New Delhi, 5 नवंबर . बाजार में मिलने वाले चिप्स, बिस्कुट, नमकीन, इंस्टेंट नूडल्स और दूसरे पैक्ड फूड आइटम्स की पैकेजिंग इतनी आकर्षक होती है कि उन्हें देखकर खरीदने का मन हो जाता है.
कई बार पैकेट पर बड़े-बड़े अक्षरों में हेल्दी, लो फैट, नेचुरल और शुगर फ्री जैसे दावे भी किए जाते हैं. लेकिन पैकेट के सामने लिखी ये बातें किसी खाद्य पदार्थ की पूरी सच्चाई नहीं बतातीं. असल जानकारी तो पैकेट के पीछे दिए गए फूड लेबल में छिपी होती है.
इसको लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लोगों को जागरूक किया है. मंत्रालय ने बताया कि किसी भी पैकेटेड फूड को खरीदते समय उसकी आकर्षक पैकेजिंग या बड़े-बड़े दावों पर भरोसा करने के बजाय उसके लेबल को ध्यान से पढ़ना चाहिए. खासतौर पर उसमें मौजूद शुगर, सोडियम और सैचुरेटेड फैट की मात्रा जरूर देखनी चाहिए. इससे आप अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए बेहतर विकल्प चुन सकते हैं.
पैकेटेड फूड खरीदते समय सबसे पहले उसमें मौजूद शुगर की मात्रा पर ध्यान दें. कई बार ऐसे खाद्य पदार्थ भी मीठे होते हैं, जिनका स्वाद बहुत ज्यादा मीठा नहीं लगता. बिस्कुट, फ्लेवर्ड ड्रिंक्स और दूसरे पैक्ड स्नैक्स में अतिरिक्त चीनी हो सकती है. ज्यादा चीनी का सेवन वजन बढ़ने, दांतों की समस्याओं और डायबिटीज के खतरे को बढ़ा सकता है. इसलिए खरीदारी से पहले लेबल जरूर पढ़ें.
सोडियम आमतौर पर नमक में पाया जाता है. चिप्स, नमकीन, इंस्टेंट नूडल्स और प्रोसेस्ड फूड में इसकी मात्रा ज्यादा हो सकती है. जरूरत से ज्यादा सोडियम का सेवन हाई ब्लड प्रेशर और दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकता है. इसलिए पैकेट पर लिखी सोडियम की मात्रा जरूर चेक करें.
पैकेटेड स्नैक्स खरीदते समय सैचुरेटेड फैट की मात्रा देखना भी जरूरी है. इसका अधिक सेवन शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए ऐसे खाद्य पदार्थों को चुनें, जिनमें सैचुरेटेड फैट की मात्रा कम हो.
–
पीआईएम/एबीएम


