पुणे-हडपसर रेल यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, मेगा ब्लॉक के कारण 25 ट्रेनों के बदले रूट, कई के समय में बदलाव

पुणे, 19 सितंबर . हडपसर-घोरपड़ी तीसरी रेल लाइन की कमीशनिंग के लिए पुणे और हडपसर यार्ड में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक व्यापक प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया जा रहा है. इस काम के मद्देनजर मध्य रेल के पुणे मंडल ने कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है. कई प्रमुख ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी और कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है.

रेलवे के मुताबिक, यात्रियों को अपनी यात्रा की तारीख के अनुसार बदले हुए परिचालन को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है. अधिसूचना में दी गई सभी तारीखें यात्रा शुरू होने की तारीख को दर्शाती हैं.

ट्रेन संख्या 12221 पुणे-हावड़ा एक्सप्रेस 19 सितंबर और 3 अक्टूबर को पुणे-लोनावला-कर्जत-पनवेल-कल्याण-इगतपुरी-मनमाड मार्ग से चलेगी. इसी तरह 12222 हावड़ा-पुणे एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को मनमाड-इगतपुरी-कल्याण-पनवेल-कर्जत-लोनावला-पुणे मार्ग से चलाई जाएगी. दोनों ट्रेनों का दौंड कॉर्ड लाइन पर ठहराव रद्द रहेगा.

ट्रेन संख्या 11078 जम्मूतवी-पुणे एक्सप्रेस 21 सितंबर को मनमाड, इगतपुरी, कल्याण, पनवेल, कर्जत और लोनावला के रास्ते पुणे पहुंचेगी. इस दौरान कोपरगांव, बेलापुर, अहिल्यानगर, दौंड कॉर्ड लाइन और उरली के ठहराव रद्द रहेंगे.

ट्रेन संख्या 11302 Bengaluru-Mumbai एक्सप्रेस 22 सितंबर को सोलापुर-कुर्डुवाड़ी-मिरज-सातारा-पुणे मार्ग से चलेगी. दौंड और उरली में इसका ठहराव नहीं होगा.

ट्रेन संख्या 22159 Mumbai -चेन्नई एक्सप्रेस 19 से 23 सितंबर और 4 अक्टूबर को कल्याण-इगतपुरी-मनमाड-दौंड मार्ग से चलेगी. इस दौरान कर्जत, लोनावला, खड़की, पुणे और दौंड के निर्धारित ठहराव रद्द रहेंगे.

इसी प्रकार निजामुद्दीन-वास्को एक्सप्रेस, पुणे-जम्मूतवी एक्सप्रेस, Mumbai -भुवनेश्वर एक्सप्रेस, पुणे-नागपुर एक्सप्रेस और पुणे-बनारस एक्सप्रेस के मार्ग में भी निर्धारित तारीखों पर बदलाव किया गया है.

नागरकोइल-एलटीटी एक्सप्रेस 22 सितंबर और 2 अक्टूबर को सोलापुर-कुर्डुवाड़ी-दौंड-अहिल्यानगर-मनमाड-नासिक-कल्याण के रास्ते चलेगी और पुणे का ठहराव रद्द रहेगा. चेन्नई-एलटीटी एक्सप्रेस 2 और 3 अक्टूबर को सोलापुर-दौंड-अहिल्यानगर-मनमाड-इगतपुरी-कल्याण मार्ग से चलेगी और पुणे तथा लोनावला में नहीं रुकेगी.

पुणे-रानी कमलापति एक्सप्रेस 20 सितंबर को पुणे से लोनावला, कर्जत, पनवेल, कल्याण, इगतपुरी और मनमाड के रास्ते चलेगी. चंडीगढ़-यशवंतपुर एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को मनमाड-कास्टी-दौंड-कुर्डुवाड़ी-पंढरपुर-मिरज मार्ग से चलाई जाएगी.

इसके अलावा Mumbai -बिदर, सिकंदराबाद-राजकोट, एलटीटी-कोयंबटूर, सातारा-दादर, त्रिवेंद्रम-एलटीटी, एलटीटी-काकीनाडा, कोल्हापुर-निजामुद्दीन, कोयंबटूर-एलटीटी, मैसूर-निजामुद्दीन और विशाखापत्तनम-एलटीटी सहित अन्य ट्रेनों के मार्ग भी निर्धारित तारीखों पर बदले गए हैं.

ट्रेन संख्या 11028 सातारा-दादर एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को सातारा-जेजुरी-पुणे-लोनावला मार्ग से चलाई जाएगी. यह सातारा से निर्धारित समय दोपहर 3:30 बजे के बजाय रात 10:30 बजे रवाना होगी. यानी ट्रेन सात घंटे देरी से चलेगी.

इसके कारण कोरेगांव, मसूर, कराड, ताकारी, किर्लोस्करवाड़ी, भिलवड़ी, सांगली, मिरज, कवठेमहाकाल, ढालगांव, जत रोड, सांगोला, पंढरपुर, कुर्डुवाड़ी, केम, जेऊर, भिगवन, दौंड, केडगांव और उरली सहित कई स्टेशनों के ठहराव रद्द रहेंगे.

ट्रेन संख्या 01922 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हडपसर टीओडी स्पेशल 23 और 30 सितंबर को केवल दौंड तक चलेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 01921 हडपसर-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी टीओडी स्पेशल 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को हडपसर के बजाय दौंड से अपनी यात्रा शुरू करेगी.

मेगा ब्लॉक के कारण पांच ट्रेनों का नियमन भी किया जाएगा. ट्रेन संख्या 16553 एसएमवीबी-एलटीटी एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को मिरज-सासवड रोड सेक्शन में दो घंटे नियंत्रित की जाएगी. वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हडपसर टीओडी स्पेशल 19 सितंबर और 3 अक्टूबर तथा दानापुर-पुणे टीओडी स्पेशल 22 सितंबर और 3 अक्टूबर को यवत-दौंड कॉर्ड लाइन सेक्शन में जरूरत के अनुसार नियंत्रित की जाएंगी.

एलटीटी-सोलापुर एक्सप्रेस 23 सितंबर को लोनावला-पुणे सेक्शन में एक घंटे और बीकानेर-यशवंतपुर एक्सप्रेस 22 सितंबर को इसी सेक्शन में 30 मिनट नियंत्रित की जाएगी.

कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बड़ा बदलाव किया गया है. ट्रेन संख्या 11431 पुणे-दानापुर अमृत India एक्सप्रेस 19 सितंबर को पुणे से निर्धारित दोपहर 3:25 बजे के बजाय शाम 5 बजे रवाना होगी. 3 अक्टूबर को यह शाम 4 बजे चलेगी.

ट्रेन संख्या 01449 पुणे-दानापुर टीओडी स्पेशल 19 सितंबर, 21 से 23 सितंबर और 1 से 3 अक्टूबर तक निर्धारित दोपहर 3:40 बजे के बजाय शाम 7:45 बजे रवाना होगी. वहीं, 20 सितंबर और 4 अक्टूबर को यह ट्रेन रात 11:20 बजे रवाना होगी. इस तरह इन दोनों तारीखों पर ट्रेन 7 घंटे 40 मिनट की देरी से चलेगी.

ट्रेन संख्या 01923 हडपसर-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी टीओडी स्पेशल 20 सितंबर और 4 अक्टूबर को शाम 7:10 बजे के बजाय रात 9:40 बजे रवाना होगी.

वहीं, पुणे-जम्मूतवी एक्सप्रेस और पुणे-हावड़ा एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय पर ही रवाना होंगी. इनके प्रस्थान में देरी करने की पूर्व में बनाई गई योजना को संशोधित कर दिया गया है.

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच ब्लॉक की अवधि में परिचालन की जरूरत के अनुसार नई टीओडी ट्रेनों को भी नियंत्रित किया जा सकता है.

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की मौजूदा स्थिति और संशोधित समय-सारणी की जांच करने की अपील की है. रेलवे के मुताबिक, पुणे मंडल में भविष्य के रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और कुशल बनाने के लिए यह बुनियादी ढांचा कार्य जरूरी है.

एएमटी/डीकेपी

Leave a Comment