
न्यूयॉर्क, 3 सितंबर . दो बार की डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका ने यूएस ओपन में दूसरे राउंड की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में टूर्नामेंट से पहले की अपनी गतिविधियों के बारे में पूछे गए सवाल पर एक पत्रकार को जमकर खरी-खोटी सुनाई.
बेलारूस की स्टार टेनिस खिलाड़ी सबालेंका ने न्यूयॉर्क में अपना खिताब बचाने की कोशिश में दूसरे राउंड के मैच में पोलिना इत्चेंको को 6-1, 6-1 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बनाई. 22 साल की इत्चेंको पर शानदार जीत के बाद दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी से यूएस ओपन से पहले उनके स्पॉन्सरशिप के कामों के बारे में पूछा गया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने पूछा, “टूर्नामेंट शुरू होने के बाद अब आपका मूड कैसा है? जाहिर है कि पिछले हफ्ते बहुत सारी पार्टियां और मौज-मस्ती वगैरह हुई थी.” सबालेंका ने रिपोर्टर को फटकार लगाते हुए कहा, “यह कैसा सवाल पूछा है आपने?” उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “आप लोग तो मजाक जैसे हैं. पार्टियां? मौज-मस्ती? आप ऐसा क्यों कहेंगे? आप ऐसा सोचेंगे ही क्यों? मतलब, यह कैसा सवाल है? सिर्फ इसलिए कि मैंने ब्रांड्स के साथ कुछ गतिविधियां पोस्ट कीं, तो आपको लगता है कि मैं पार्टी कर रही थी?”
सबालेंका ने दूसरे राउंड में अपनी प्रतिद्वंद्वी को आसानी से हराया. उन्होंने इत्चेंको को हराने में सिर्फ 54 मिनट लिए और न्यूयॉर्क में अपनी जीत का सिलसिला 15 मैचों तक बढ़ाया. मैच के बारे में बात करते हुए सबालेंका ने कहा, “मैं अपने खेल के स्तर से खुश हूं. मैं बहुत मेहनत कर रही हूं, लेकिन मुझे लगता है कि मैं कोर्ट पर परफेक्ट बनने की कोशिश से थोड़ा दूर हो रही हूं. मुझे पता है कि आप परफेक्ट नहीं हो सकते, और मैं बस अभी जो मेरे पास है, उसी के साथ काम करने की कोशिश कर रही हूं. मैं अपने खेल के स्तर से काफी खुश हूं. मैं अपने फोकस से खुश हूं. मुझे खुशी है कि चाहे कुछ भी हो जाए, मैं खुद पर ध्यान केंद्रित कर पा रही हूं और अपने फोकस पर लगातार बनी हुई हूं.” शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अब तीसरे राउंड में उज्बेकिस्तान की कामिला राखिमोवा से भिड़ेगी. वह अपनी जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेंगी और लगातार तीन यूएस ओपन खिताब जीतने वाली तीसरी महिला बनने की कोशिश करेंगी.
–
एसएम/पीएम