
पुडुचेरी, 24 सितंबर . भारत-ए ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है. जीत के लिए 363 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 2 विकेट खोकर 55 रन बना लिए हैं.
क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड में जारी चार दिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारत-ए ने पहली पारी में 334 रन बनाए. टीम ने 20 रन तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद साई सुदर्शन (57) ने शेख रशीद (16) के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की.
टीम ने 97 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद तनुष कोटियन ने कुमार कुशाग्र के साथ छठे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 250 के पार पहुंचा दिया. तनुष ने 5 बाउंड्री के साथ 69 रन की पारी खेली, जबकि कुमार कुशाग्र ने 12 चौकों के साथ 113 रन बनाए. विपक्षी खेमे से कोरी रोचिचिओली ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि टॉड मर्फी को 3 विकेट हाथ लगे.
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में सिर्फ 171 रन पर ढेर हो गई. इस टीम ने 40 रन तक 4 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद जेसन संघा (46) ने जोश फिलिप (14) के साथ पांचवें विकेट के लिए 45 रन और लियाम स्कॉट (26) के साथ छठे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शर्मनाक स्थिति से बाहर निकाला. जेसन 6 बाउंड्री के साथ 46 रन बनाकर पवेलियन लौटे. India की तरफ से शम्स मुलानी ने 4 विकेट चटकाए, जबकि तुषार देशपांडे और तनुष कोटियन को 2-2 विकेट हाथ लगे.
भारत-ए के पास पहली पारी के आधार पर 163 रन की बढ़त थी, लेकिन मेजबान टीम दूसरी पारी में सिर्फ 199 रन ही बना सकी. इस बीच देवदत्त पड्डिकल ने साई सुदर्शन (39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रन, जबकि यश राठौड़ (12) के साथ चौथे विकेट के लिए 32 रन जुटाए.
साई सुदर्शन 59 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कुमार कुशाग्र ने 6 बाउंड्री के साथ नाबाद 46 रन की पारी खेली. ऑस्ट्रेलियाई खेमे से टॉड मर्फी ने 4 विकेट निकाले. लियाम स्कॉट और ब्रेंडन डॉगेट को 2-2 विकेट हाथ लगे.
ऑस्ट्रेलिया-ए को जीत के लिए 363 रन का विशाल टारगेट मिला. इसके जवाब में टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 2 विकेट खोकर 55 रन बनाए लिए हैं. इस टीम को सिर्फ 6 रन पर कैंपबेल केल्लावे (0) के रूप में पहला झटका लग गया था, जिसके बाद सैम कोंटास ने नाथन मैकस्वीनी के साथ दूसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की.
सैम कोंटास 2 चौकों के साथ 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे. दिन की समाप्ति तक नाथन मैकस्वीनी 23 रन बनाकर नाबाद थे. इस पारी में भारतीय खेमे से तुषार और तनुष को 1-1 विकेट हाथ लगे हैं.
दो दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज का अगला मैच 29 सितंबर से खेला जाएगा, जिसके बाद 6, 9 और 11 अक्टूबर को तीन अनाधिकारिक वनडे मुकाबले खेले जाने हैं.
–
आरएसजी