नोएडा के सेक्टर-10 की फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; आसपास मची अफरातफरी

नोएडा, 25 सितंबर . नोएडा के सेक्टर-10 औद्योगिक क्षेत्र में Friday सुबह एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग फैक्ट्री की दूसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. आग की सूचना मिलते ही आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरातफरी का माहौल बन गया. एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों से लोगों को बाहर निकाल लिया गया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया. फिलहाल आग के पूरी तरह बुझने के बाद दमकल टीम की ओर से फैक्ट्री परिसर में जांच की जा रही है, ताकि किसी अन्य स्थान पर आग या सुलगते हुए सामान की स्थिति न रह जाए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के सेकंड फ्लोर पर अचानक आग लग गई. शुरुआती दौर में आग तेजी से फैलने लगी, जिसके कारण आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. फैक्ट्री से निकलता धुआं देखकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी. औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियां एक-दूसरे के आसपास होने के कारण आग के दूसरी इमारतों तक पहुंचने की आशंका भी बनी रही. इसी को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोगों को तत्काल बाहर निकाला गया.

दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया. दमकल कर्मियों की कार्रवाई के बाद आग पर काबू पाया जा सका. राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है. हालांकि आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल सका है.

दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं. आशंका है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. यह घटना नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-10 की है. आग पर काबू पाने के बाद दमकल विभाग की टीम ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया.

–

पीकेटी/एएस

Leave a Comment