Skip to content
Thursday, 15 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
बॉलीवुड,सिनेमा,मनोरंजन

‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ के इस सीन से घबराए थे मेकर्स, माधुरी दीक्षित ने सुनाया 30 साल पुराना किस्सा

‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ के इस सीन से घबराए थे मेकर्स, माधुरी दीक्षित ने सुनाया 30 साल पुराना किस्सा

Mumbai , 14 अक्टूबर . माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘हम आपके हैं कौन..!’ Bollywood की उन फिल्मों में शामिल है, जिनके गाने और सीन आज भी दर्शकों को याद हैं. साल 1994 में रिलीज हुई इस फिल्म में माधुरी और सलमान खान की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था. फिल्म का गाना ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ भी काफी हिट हुआ था.

इस गाने में माधुरी का अंदाज और उनके कई सीन आज भी लोगों के बीच चर्चा में रहते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस गाने के एक खास सीन को शूट करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी?

दरअसल, फूल और गुलेल वाले इस सीन को सही तरीके से फिल्माने के लिए करीब 10 से 15 रीटेक लेने पड़े थे. फिल्म के मेकर्स को शुरुआत में यह भी चिंता थी कि कहीं यह सीन पर्दे पर अजीब न लगे. हाल ही में माधुरी दीक्षित ने मराठी रियलिटी शो ‘कोण होणार करोड़पति’ में फिल्म से जुड़ा यह दिलचस्प किस्सा सुनाया.

शो के दौरान हॉट सीट पर बैठीं कंटेस्टेंट प्राजक्ता तावड़े ने एक्ट्रेस को खास सरप्राइज दिया. प्राजक्ता कथक डांसर हैं और वह फिल्म ‘हम आपके हैं कौन…!’ में माधुरी के एक आइकॉनिक लुक में नजर आईं. उनके इस अंदाज को देखकर माधुरी को फिल्म की शूटिंग के पुराने दिन याद आ गए. इसके बाद उन्होंने गाने ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ के फूल और गुलेल वाले सीन के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि पर्दे पर यह सीन भले ही आसान और मजेदार नजर आता हो, लेकिन इसकी शूटिंग के दौरान कई मुश्किलें आई थीं.

माधुरी ने कहा, ”इस सीन को सही तरीके से शूट करने में हमें करीब 10 से 15 रीटेक लगे थे. कभी हमारा निशाना चूक जाता था, कभी फूल टूट जाता था और कभी वह गुलेल से निकलकर दूर उड़ जाता था.”

एक्ट्रेस ने कहा, ”मेकर्स इस सीन को लेकर काफी परेशान थे. वे सोच रहे थे कि कहीं यह खराब तो नहीं लगेगा या दर्शकों को अजीब तो नहीं लगेगा. कोरियोग्राफर्स और मैंने उन्हें समझाया कि यह कैमरे के एंगल पर निर्भर करता है और देखने में बहुत प्यारा लगेगा. हमने उन्हें भरोसा दिलाया कि हम इस सीन को क्यूट तरीके से शूट करेंगे. आखिरकार सीन शूट हुआ और यह बहुत खूबसूरत बना.”

बता दें कि सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘हम आपके हैं कौन…’ साल 1994 में रिलीज हुई थी. फिल्म में माधुरी दीक्षित और सलमान खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. परिवार, प्यार और रिश्तों पर बनी इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और समय के साथ यह कल्ट क्लासिक बन गई.

फिल्म में अनुपम खेर, रीमा लागू, आलोक नाथ, रेणुका शहाणे, मोहनीश बहल, बिंदु, हिमानी शिवपुरी, लक्ष्मीकांत बेर्डे और सतीश शाह समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में थे. फिल्म के गाने आज भी पसंद किए जाते हैं. खासकर ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ अपनी धुन और माधुरी के अंदाज के लिए आज भी याद किया जाता है.

–

पीके/एएस

Share