
Mumbai , 23 सितंबर . डांसर से एक्टर बने राघव जुयाल ने करियर में कई तरह के पड़ाव देखे हैं. डांस रियलिटी शो से पहचान बनाने के बाद उन्होंने टीवी होस्ट के तौर पर अलग जगह बनाई और फिर फिल्मों की दुनिया में कदम रखा. अब राघव अपने करियर का एक और नया चैप्टर शुरू करने जा रहे हैं. वह पहली बार तेलुगु सिनेमा में नजर आने वाले हैं और इस सफर ने उन्हें काफी कुछ नया सीखने का मौका दिया है.
उन्हें तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री का काम करने का तरीका काफी पसंद आया.
राघव जल्द ही नानी स्टारर फिल्म ‘द पैराडाइज’ में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं और राघव इसमें विक्रम मलिक का किरदार निभा रहे हैं.
तेलुगु इंडस्ट्री में पहली बार काम करने के अनुभव के बारे में बात करते हुए राघव ने कहा, ”मैंने वहां सिनेमा को लेकर एक अलग ही जुनून देखा. वहां लोग सिर्फ एक प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए काम नहीं करते, बल्कि इस सिनेमा को सेलिब्रेट करते हैं.”
राघव ने कहा, ”इस फिल्म के दौरान मैंने एक ऐसी चीज महसूस की, जिसे मैं अपने काम में भी शामिल करना चाहता हूं. तेलुगु इंडस्ट्री में लोग सिनेमा की बहुत इज्जत करते हैं. खास तौर पर फिल्म के हर टेक्नीशियन को मिलने वाला सम्मान देखकर मैं भावुक हो गया. एक पल ऐसा आया कि मेरी आंखों में आंसू आ गए, जब मैंने देखा कि वहां फिल्म के साउंड इंजीनियर तक को उतनी ही अहमियत दी जाती है, जितनी किसी बड़े कलाकार को.”
राघव ने कहा, ”वहां दर्शक भी फिल्म से जुड़े लोगों को पहचानते हैं. दर्शकों को पता होता है कि साउंड इंजीनियर कौन हैं. मेरे लिए यह अनुभव काफी खास था, क्योंकि इससे मुझे समझ आया कि फिल्म सिर्फ हीरो या हीरोइन की वजह से नहीं बनती, बल्कि उसके पीछे काम करने वाले हर व्यक्ति का योगदान होता है. वहां लोग सेट पर केवल अपना काम खत्म करने के इरादे से नहीं आते. वह सिनेमा को सेलिब्रेट करने के लिए आते हैं. यही वह चीज है जो मैंने तेलुगु इंडस्ट्री से सीखी और अब मैं चाहता हूं कि मेरे काम में भी यह सोच दिखाई दे.”
राघव ने फिल्म के निर्देशक श्रीकांत ओडेला की भी तारीफ की है. वह उन्हें प्यार से ‘श्रीकांत दादा’ कहकर बुलाते हैं. राघव ने बताया, ”श्रीकांत का मुझ पर काफी गहरा असर पड़ा है. इस फिल्म के जरिए मैं पहली बार तेलुगु फिल्मों में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहा हूं और निर्देशक के साथ काम करना मेरे लिए खास अनुभव रहा.”
‘द पैराडाइज’ में राघव और नानी के अलावा मोहन बाबू, सोनाली कुलकर्णी और संपूर्णेश बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म 24 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
–
पीके/एबीएम