
Mumbai , 4 सितंबर . निमरत कौर को पर्दे पर आपने कई अलग-अलग किरदार निभाते देखा होगा, लेकिन जन्माष्टमी के मौके पर एक्ट्रेस का एक अलग ही रंग देखने को मिला. इस बार वह कृष्ण की नगरी कहे जाने वाले ब्रज धाम की गलियों में भक्ति के रंग में डूबी नजर आईं. वृंदावन और बरसाना की अपनी यात्रा की तस्वीरें और वीडियो निमरत ने social media पर साझा की, जिनमें वह कहीं भगवान बांके बिहारी के दर्शन करती दिखीं, तो कहीं ब्रज के मशहूर खानों का आनंद लेती नजर आईं.
निमरत ने जन्माष्टमी के मौके पर इंस्टाग्राम पर तस्वीरों और वीडियो की एक पूरी झलक साझा की. उनकी पोस्ट में सबसे पहले श्री बांके बिहारी के दर्शन की झलक देखने को मिली. इसके अलावा, उन्होंने श्री राधा वल्लभ की इत्र सेवा का भी अनुभव लिया. ब्रज की गलियों में घूमते हुए उन्होंने वहां के खास पकवानों की झलक भी दिखाई. पोस्ट में बरसाना की ओर जाने वाले रास्ते, बरसाना में होने वाली श्री कृष्ण लीला और वहां का आध्यात्मिक माहौल भी देखने को मिला.
निमरत की इस यात्रा का एक खास हिस्सा निधिवन भी रहा. उन्होंने निधिवन की झलक साझा करते हुए इसे रहस्यमयी और मंत्रमुग्ध कर देने वाली जगह बताई. इसके बाद उन्होंने यमुना के किनारे का नजारा भी दिखाया.
अपनी इस यात्रा को शब्दों में बयां करते हुए निमरत ने लिखा, ”ब्रज धाम की जादुई धूल से धन्य महसूस कर रही हूं. दिव्य प्रभु और स्वयं प्रेम के रूप में प्रकट इस भूमि से मंत्रमुग्ध और अभिभूत हूं. जो कुछ शब्दों में बयां करना या पूरी तरह कैमरे में कैद करना मुश्किल है, उसकी कुछ झलकियां साझा कर रही हूं. सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं.”
निमरत ने आगे लिखा, ”श्री बांके बिहारी जी, श्री राधा वल्लभ जी की इत्र सेवा, वृंदावन के पकवान, बरसाना के रास्ते, बरसाना में श्री कृष्ण लीला, निधिवन, यमुना जी और ब्रज में भगवान शिव के प्रकट होने से जुड़ी एक रोचक मान्यता बेहद दिलचस्प है.”
बता दें कि भगवान कृष्ण के जन्म से जुड़ा जन्माष्टमी का त्योहार खासतौर पर वृंदावन, मथुरा और बरसाना में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है. कृष्ण से जुड़े इन स्थानों पर मंदिरों से लेकर गलियों तक भक्तों की भीड़ रहती है और जगह-जगह कृष्ण की लीलाओं का मंचन किया जाता है.
–
पीके/पीएम