Skip to content
Saturday, 14 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
INDIA

छठ पूजा आस्था, संतान की मंगलकामना और सूर्य उपासना का पर्व, विवाद करना मूर्खता : सोमा घोष

छठ पूजा आस्था, संतान की मंगलकामना और सूर्य उपासना का पर्व, विवाद करना मूर्खता : सोमा घोष

Mumbai , 14 नवंबर . पद्मश्री से सम्मानित शास्त्रीय गायिका सोमा घोष ने छठ पूजा के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से अपने विचार साझा किए. उन्होंने कहा कि छठ केवल बिहार तक सीमित त्योहार नहीं है, बल्कि अब पूरे India में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है. इस पर्व का संबंध सूर्योपासना, बच्चों के कल्याण और प्रकृति के प्रति आस्था से है. छठ पूजा को लेकर होने वाले विवादों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे विवाद मूर्खता हैं, क्योंकि सूर्य देव सबके हैं और भारतीयों को अपनी विविधता के बावजूद एकता के भाव से रहना चाहिए.

उन्होंने छठ पूजा के दौरान नदियों और समुद्र को स्वच्छ रखने की भी अपील की. वहीं, ‘रामायण’ फिल्म के गीतों और संगीत को लेकर चल रही बहस पर उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक या पौराणिक कथा पर आधारित रचना में उसकी मूल आत्मा और सांस्कृतिक संगीत परंपरा का ध्यान रखना जरूरी है.

सोमा घोष ने छठ पूजा की शुरुआत से जुड़ी मान्यताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एक कहावत के अनुसार, जब मिथिला की बेटी सीता अयोध्या से लौटी थीं, तब उन्होंने अपने पुत्रों लव और कुश के मंगल की कामना के लिए मिथिला में शुक्ल पक्ष की छठी तिथि को छठी मैया की पूजा की थी. इसी मान्यता के कारण बिहार और मिथिला क्षेत्र में इस पर्व का विशेष प्रचलन हुआ. बनारस सहित कई क्षेत्रों में बच्चे के जन्म के पांचवें दिन भी छठी मैया की पूजा की जाती है, जिसे सृष्टि पूजा कहा जाता है. बिहार में इसे छठी पूजा के नाम से जाना जाता है. इस पूजा का उद्देश्य नवजात बच्चे के कल्याण और उसकी सुरक्षा की कामना करना है.

उन्होंने छठी मैया से जुड़ी एक अन्य धार्मिक कथा भी सुनाई. उन्होंने कहा कि छठी मैया को ब्रह्मा की पुत्री माना जाता है. एक राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी को संतान नहीं हो रही थी. यज्ञ के बाद उन्हें संतान प्राप्त हुई, लेकिन बच्चा मृत पैदा हुआ था. इसके बाद छठी मैया का स्मरण किया गया. मान्यता है कि छठी मैया ने आकर बच्चे को स्पर्श किया, जिससे वह जीवित हो गया. इसी कारण छठी मैया की पूजा बच्चों के कल्याण और उनकी रक्षा के लिए की जाती है.

उन्होंने कहा कि छठ पूजा अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रही. देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोग इसे पूरे उत्साह से मनाते हैं. Mumbai के जुहू क्षेत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वहां भी चार दिनों तक यह पर्व मनाया जाता है. पर्व के दौरान महिलाएं पारंपरिक गीत गाती हैं. गीत-संगीत हर उत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है और छठ पूजा में भी लोकगीतों की विशेष भूमिका है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, छठी मैया सूर्य देव की बहन हैं. इस पर्व में सूर्य उपासना का विशेष महत्व है. सूर्य ऐसे देवता हैं, जिसे मनुष्य प्रतिदिन अपनी आंखों से देख सकता है. सूर्य का उदय और अस्त होना जीवन के निरंतर चलने का प्रतीक है. छठ पूजा में पहले अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और फिर अगली सुबह उगते सूर्य की उपासना की जाती है.

उन्होंने बताया कि छठ व्रती पूरे दिन निर्जला व्रत रखते हैं. शाम को घाटों पर पहुंचकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. इसके बाद पूरी रात पारंपरिक गीत गाए जाते हैं और सुबह लगभग चार बजे से ठेकुआ और फल सहित अन्य प्रसाद सूर्य देव को अर्पित करने की तैयारी होती है. भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा संपन्न की जाती है. आमतौर पर लोग उगते सूर्य को प्रणाम करते हैं, लेकिन छठ में अस्त होते सूर्य को भी सम्मान दिया जाता है. इसके पीछे यह भाव है कि अस्त होने के बाद सूर्य फिर अगले दिन उदय होता है.

उन्होंने सूर्य देव को नौ ग्रहों का स्वामी बताते हुए कहा कि शास्त्रों में सूर्य को ब्रह्मा, विष्णु और महेश्वर के स्वरूप के रूप में भी वर्णित किया गया है. सूर्य की उपासना का धार्मिक महत्व होने के साथ-साथ शरीर और मन को स्वस्थ रखने का संदेश भी है. छठ के दौरान नमक का त्याग और निर्जला व्रत रखने की परंपरा का भी विशेष प्रभाव होता है. सोमा घोष ने सभी छठ व्रतियों के चरणों में नमन करते हुए कामना की कि सूर्य देव का आशीर्वाद पूरे विश्व को मिले और सभी लोग मानसिक तथा शारीरिक रूप से स्वस्थ रहें.

छठ पूजा के महत्व को समझाते हुए उन्होंने कहा कि इस पर्व का एक प्रमुख उद्देश्य बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और मंगल कामना करना है. उन्होंने मां दुर्गा से जुड़ी मान्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रकृति और पूरे संसार के संचालन के लिए मां दुर्गा ने अपने कई अंशों को प्रकट किया, जिनमें छठा अंश छठी मैया का माना जाता है. छठी मैया को सृष्टि की माता और बच्चों की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है. बच्चे के जन्म के पांचवें दिन सृष्टि पूजा करने की परंपरा इसी विश्वास से जुड़ी है कि नवजात सुरक्षित और स्वस्थ रहे. इसी तरह शुक्ल पक्ष की छठी तिथि को माताएं अपने बच्चों के कल्याण के लिए छठी मैया की पूजा करती हैं.

सोमा घोष ने सूर्य उपासना को जीवन से जोड़ते हुए कहा कि सूर्य हर सुबह लोगों को प्रकाश और ऊर्जा देने आते हैं, लेकिन अक्सर लोग उस समय सो रहे होते हैं. उन्होंने सवाल किया कि यदि सूर्य देव और छठी मैया की पूजा से सुख और कल्याण की कामना की जाती है, तो लोग प्रतिदिन सुबह उठकर सूर्य को प्रणाम क्यों नहीं करते? सूर्य की नियमित उपासना और अच्छे विचारों के साथ जीवन बिताने से छठ पूजा के भाव को रोजमर्रा के जीवन में भी अपनाया जा सकता है.

छठ पूजा को लेकर Maharashtra में होने वाली बयानबाजी और विवादों पर सोमा घोष ने कहा कि वह इसे मूर्खता मानती हैं. सूर्य देव किसी एक राज्य, जाति या समुदाय के नहीं हैं. आत्मा का कोई जाति-पाति या क्षेत्रीय बंधन नहीं होता. मनुष्य कभी उत्तर प्रदेश में जन्म लेता है, कभी Maharashtra में और कभी अमेरिका में, लेकिन उसकी आत्मा की कोई भौगोलिक पहचान नहीं होती. इसलिए लोगों को इस विषय पर गहराई से सोचना चाहिए कि India विविधताओं के बावजूद एक है. उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि वह बंगाली हैं, लेकिन जन्म बनारस में हुआ. इसलिए वह स्वयं को बनारस से जुड़ी हुई मानती हैं. वहां के रीति-रिवाज और परंपराएं उन्होंने अपनाईं. विवाह के बाद Maharashtra आने पर उन्होंने यहां की संस्कृति और परंपराओं को भी पूरी तरह अपनाया. उन्होंने बताया कि Maharashtra के लोगों से समय का महत्व समझा है. व्यक्ति जहां रहता है, वहां की संस्कृति और परंपराओं को अपनाकर उसी समाज का हिस्सा बन जाता है.

उन्होंने कहा कि सभी भारतीयों को एक-दूसरे के त्योहारों और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए. देश में कहीं भी रहने वाले लोग अपने त्योहार मना सकते हैं और स्थानीय संस्कृति के साथ मिलकर रह सकते हैं. हालांकि, उन्होंने छठ पूजा करने वाले लोगों से विशेष अपील की कि पूजा के दौरान नदियों, समुद्र और घाटों को गंदा न करें.

‘रामायण’ फिल्म के गीतों और संगीत को लेकर चल रही बहस पर सोमा घोष ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण विषय है. जब किसी धर्म की पौराणिक कथा पर फिल्म या संगीत तैयार किया जाता है, तो उसकी अपनी एक मूल आत्मा होती है. उस मूल भाव और सांस्कृतिक पहचान को तोड़ना उचित नहीं है. राम अयोध्या से जुड़े हैं और उनकी कथा के साथ वहां की विशेष धुन और सुर की परंपरा भी जुड़ी हुई है. किसी फिल्म में रामायण को प्रस्तुत करते समय उसी सांस्कृतिक और संगीतात्मक भाव को समझना जरूरी है.

उन्होंने सूफियाना संगीत और कव्वाली का उदाहरण देते हुए कहा कि मुस्लिम संस्कृति से जुड़ी किसी रचना में सूफियाना और कव्वाली का अपना अलग भाव होता है. गजल को रामायण की तरह या रामायण को गजल की तरह प्रस्तुत नहीं किया जा सकता, क्योंकि हर शैली की अपनी आत्मा और पहचान होती है. घोष ने संगीतकार एआर रहमान की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि वह बहुत प्रतिभाशाली हैं, लेकिन रामायण जैसे विषय पर संगीत तैयार करने के लिए विशेष सोच-विचार की जरूरत होती है. इसमें नए प्रयोग जरूर किए जा सकते हैं, लेकिन रामकथा से जुड़े मूल सुर और संगीत की पहचान को बनाए रखना जरूरी है.

–

पीएसके/एबीएम

Share