
शिलांग, 18 सितंबर . मेघालय Government आगामी चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल की तैयारियों में जुट गई है. नवंबर में होने वाले दो दिवसीय इस महोत्सव से पहले ईस्ट खासी हिल्स जिला प्रशासन ने बुनियादी सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा तेज कर दी है.
चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल 20 और 21 नवंबर को न्यू शिलांग के मावखानू स्थित न्यू शिलांग हाईलैंड ग्राउंड्स में आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में राज्य के बाहर से भी कई लोकप्रिय कलाकारों के प्रस्तुति देने की उम्मीद है.
तैयारियों के तहत जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और महोत्सव को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया. ट्रैफिक व्यवस्था, लोगों की आवाजाही और जरूरी सार्वजनिक सुविधाओं को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है.
ईस्ट खासी हिल्स के डिप्टी कमिश्नर अभिलाष बरनवाल ने कहा कि प्रशासन तैयारियों पर काम कर रहा है. कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों की सुरक्षा और उनकी सुगम आवाजाही के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे.
शिलांग चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल मेघालय के प्रमुख पर्यटन और सांस्कृतिक आयोजनों में से एक बन गया है. इसमें क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता के साथ संगीत, खान-पान, कला और मनोरंजन को भी शामिल किया जाता है.
इस फेस्टिवल की शुरुआत 2016 में हुई थी. इसका आयोजन हिमालयन चेरी ब्लॉसम के पेड़ों पर शरद ऋतु में फूल खिलने के दौरान किया जाता है. इस समय शिलांग और आसपास के कई इलाके गुलाबी फूलों से खिल उठते हैं.
जापान में चेरी ब्लॉसम आमतौर पर बसंत के मौसम में देखने को मिलता है, जबकि शिलांग में ये फूल शरद ऋतु में खिलते हैं. यही खासियत पर्यटकों के लिए इसे अलग आकर्षण बनाती है.
इस महोत्सव का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना, मेघालय की प्राकृतिक खूबसूरती को सामने लाना और सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए मंच उपलब्ध कराना है.
पिछले कुछ वर्षों में फेस्टिवल में स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ खान-पान और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया है. प्राकृतिक सुंदरता और आधुनिक मनोरंजन के मेल ने इसे मेघालय के पर्यटन कैलेंडर का महत्वपूर्ण आयोजन बना दिया है.
इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ट्रैफिक नियंत्रण, लोगों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहा है, ताकि सभी कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से आयोजित किए जा सकें.
20 और 21 नवंबर की तारीख नजदीक आने के साथ न्यू शिलांग स्थित आयोजन स्थल पर तैयारियों को और तेज किए जाने की उम्मीद है.
–
एएमटी/डीकेपी