Skip to content
Thursday, 12 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

ग्रेप -3 लागू होते ही गौतमबुद्धनगर में बड़ा फैसला, कक्षा पांच तक के बच्चों की हाइब्रिड मोड में होगी पढ़ाई

ग्रेप 3 लागू होते ही गौतमबुद्धनगर में बड़ा फैसला, कक्षा पांच तक के बच्चों की हाइब्रिड मोड में होगी पढ़ाई

ग्रेप -3 लागू होते ही गौतमबुद्धनगर में बड़ा फैसला, कक्षा पांच तक के बच्चों की हाइब्रिड मोड में होगी पढ़ाई

नोएडा, 11 नवंबर . दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण और हवा की खराब होती गुणवत्ता को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप -III) लागू होने के बाद गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई को लेकर बड़ा फैसला लिया है. जिले में कक्षा पांच तक के सभी विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में शिक्षण व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है.

इसके तहत स्कूलों को ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से पढ़ाई कराने की व्यवस्था करनी होगी. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने इस संबंध में 7 नवंबर 2026 को कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से निर्देशों का पालन करने को कहा है.

दरअसल, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से 6 नवंबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप -III लागू किया गया है. इसके तहत दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिलों में कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए स्कूलों में हाइब्रिड मोड में कक्षाएं संचालित करना अनिवार्य किया गया है.

आयोग के निर्देश के अनुसार, जहां ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराना संभव है, वहां विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा. यानी अभिभावक और विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा.

इसमें स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है कि वे कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए तत्काल प्रभाव से हाइब्रिड शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करें. विद्यालयों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था करनी होगी, ताकि प्रदूषण के बीच बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो.

आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सभी विद्यालयों को शासन और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से जारी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करना होगा. किसी भी स्तर पर लापरवाही या आदेशों की अवहेलना सामने आने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी है.

गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तीसरे चरण को लागू किया गया है. प्रदूषण की स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर अधिक असर पड़ने की आशंका रहती है. ऐसे में छोटे बच्चों को प्रदूषित वातावरण में लगातार स्कूल आने-जाने से राहत देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है.

जिला प्रशासन के इस फैसले से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जिले के अन्य क्षेत्रों में संचालित स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है. अब विद्यालय प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना होगा कि पढ़ाई की निरंतरता बनी रहे और बच्चों को ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिले. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आदेश के पालन में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

–

पीकेटी/एएमटी

Share