
संतकबीरनगर, 20 सितंबर . उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के काफिले और जुलूस में शामिल लोगों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है. बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा चौराहे पर 18 सितंबर की रात हुए बवाल में सांसद की गाड़ी का शीशा टूट गया. मामले में Police ने सांसद की तहरीर पर जुलूस में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. वहीं, जुलूस में शामिल विशाल कुमार की शिकायत पर सांसद, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है.
Police के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. घटना के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की भूमिका तथा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो फुटेज की भी जांच की जा रही है. सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि 18 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने सहयोगियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ बेलहर कला स्थित अपने आवास की ओर जा रहे थे. अमरडोभा चौराहे के पास गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस जा रहा था.
सांसद के मुताबिक, Police की मदद से उनके काफिले के वाहनों को भीड़ से बाहर निकाला जा रहा था. तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान जुलूस में शामिल उपद्रवी लोगों ने सांसद की गाड़ी और काफिले के अन्य वाहनों पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. सांसद ने कहा कि हमले में उनके वाहन क्षतिग्रस्त हुए और सुरक्षाकर्मियों तथा समर्थकों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. सांसद ने Police से घटना की वीडियोग्राफी की जांच कर हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
दूसरी ओर, संतोषपुर निवासी विशाल कुमार ने 20 सितंबर को बखिरा थाने में दी गई तहरीर में सांसद और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. विशाल का आरोप है कि 18 सितंबर की रात गणेश विसर्जन जुलूस अमरडोभा चौराहे पर पहुंचा था. इसी दौरान एक डीजे का जनरेटर खराब होने से संगीत बंद हो गया. डीजे संचालक और जुलूस में शामिल लोगों के बीच कहासुनी के बाद जुलूस रुक गया.
विशाल के मुताबिक, इसी दौरान सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद और उनके समर्थकों की तीन-चार गाड़ियां हूटर बजाते हुए जुलूस के बीच से निकलने लगीं. आरोप है कि इसी दौरान वह सांसद की गाड़ी की चपेट में आकर जमीन पर गिर गया और उसे कमर में चोट आई. तहरीर में विशाल ने आरोप लगाया कि घटना का विरोध करने पर सांसद के समर्थकों से कहासुनी हुई और उसके साथ मारपीट तथा गाली-गलौज की गई. उसने आरोप लगाया कि इसी दौरान जुलूस में शामिल कुछ लोगों की ओर से सांसद की गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे उसका शीशा टूट गया.
विशाल ने यह भी आरोप लगाया है कि इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव हुआ, जिसमें कुछ लोगों को चोटें आईं और वाहनों को नुकसान पहुंचा. उसने सांसद और उनके समर्थकों पर धमकी देने तथा माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. Police ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. विशाल की शिकायत में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत अन्य धाराओं का उल्लेख है.
Police अब घटना के वीडियो, मौके पर मौजूद लोगों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज है. फिलहाल Police का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
–
विकेटी/डीकेपी