
प्रयागराज, 2 अक्टूबर . संगम नगरी प्रयागराज के दशाश्वमेध घाट पर आज एक विशेष और भावुक दृश्य देखने को मिला. यहां स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने फ्लाईDubai एयरलाइंस के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने और लंबी उम्र के लिए मां गंगा और भगवान शिव की विशेष आरती की. लोगों ने उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम करते हुए उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की.
इस मौके पर अनामिका नामक एक स्थानीय महिला ने से बात करते हुए कहा, “आज हम सबने मां गंगा के तट पर भारतीय कैप्टन स्मित के लिए प्रार्थना की है. परसों फ्लाईDubai एयरलाइंस की घटना में उन्होंने जिस साहस और जांबाजी का परिचय दिया है, वह सराहनीय है. ऐसा लगता है कि उस समय ईश्वर उनके साथ थे. इतनी विषम परिस्थिति में भी उन्होंने 174 लोगों की जान बचाई. अपनी चिंता किए बिना उन्होंने सभी यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखा और विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई.”
उन्होंने कहा, “आज हम सभी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और जल्द स्वस्थ होने के लिए भोले बाबा को जल अर्पित किया है. हमने महाआरती की, मां गंगा की आरती की और उनसे प्रार्थना की कि मां गंगा और भोले बाबा अपनी कृपा उन पर बनाए रखें.”
वहीं, एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “यह आयोजन 30 सितंबर की घटना को लेकर किया गया है. फ्लाईDubai का विमान Dubai से तेल अवीव जा रहा था, जिसमें साजिश के तहत विमान को क्रैश करने की कोशिश की गई. इस दौरान करीब 180 यात्रियों की जान खतरे में थी. लेकिन भारतीय मूल के को-पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने सूझबूझ, दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास का परिचय दिया. उन पर चाकू से हमला होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और यात्रियों की जान बचाई. आज वे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं, हम सब उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं. उनकी वीरता पर पूरे देश को गर्व है.”
–
पीआईएम/पीएम