
नासिक, 19 सितंबर . नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर Saturday को नासिक में कुंभ मेला प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में कुंभ से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं और तैयारियों की समीक्षा के दौरान कुछ मुद्दों को लेकर साधु-संतों और प्रशासन के बीच तीखी चर्चा हो गई. स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हुई, जिसके बाद मंत्री गिरीश महाजन और कुंभ मेला आयुक्त शेखर सिंह ने मध्यस्थता कर दोनों पक्षों के बीच संवाद कायम कराया.
बैठक में साधु-संतों ने कुंभ मेले की तैयारियों से जुड़े कई विषय प्रशासन के सामने रखे. संत समाज की ओर से व्यवस्थाओं में तेजी लाने और साधु-संतों और अखाड़ों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की मांग रखी गई. चर्चा के दौरान कुछ विषयों पर प्रशासन और संतों के बीच मतभेद सामने आए. बात आगे बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच बहस की स्थिति बन गई.
माहौल गरम होता देख मंत्री गिरीश महाजन और कुंभ मेला आयुक्त शेखर सिंह ने हस्तक्षेप किया. दोनों ने साधु-संतों की बात गंभीरता से सुनी और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी साझा की. मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत फिर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ी और बैठक में उत्पन्न मतभेद शांत हुआ. इस दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन की तैयारियों में साधु-संतों, अखाड़ों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना आवश्यक है.
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला व्यापक स्तर का धार्मिक आयोजन है. इसके सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक तैयारियों के साथ साधु-संतों और अखाड़ों से जुड़े विषयों का भी समयबद्ध समाधान जरूरी है. इसके लिए संबंधित पक्षों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया.
प्रशासन की ओर से कहा गया कि कुंभ की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा लगातार की जाएगी. साधु-संतों की ओर से उठाए गए विषयों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे.
बैठक के बाद स्थिति नियंत्रण में रही और कुंभ मेले की तैयारियों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी.
–
पीएसके