कर्नाटक : कलबुर्गी में खाद की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 1400 बोरी यूरिया जब्त

कलबुर्गी, 24 अगस्त . कर्नाटक के कलबुर्गी में किसानों की खाद की कालाबाजारी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. अधिकारियों ने कापनूर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर 1400 बोरी यूरिया जब्त की है, जिसे कथित तौर पर ब्लैक में दोगुने दाम पर बेचने के लिए जमा किया गया था.

जानकारी मिलने के बाद कृषि विभाग के अधिकारियों, तहसीलदार और Police की टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया. मौके से भारी मात्रा में स्टॉक जब्त कर गोदाम संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.

इस मामले में कृषि विभाग की सतर्कता शाखा की सहायक निदेशक कविता ने से बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि यहां अवैध रूप से खाद जमा की गई है. इसमें सब्सिडी वाली यूरिया की बोरियां शामिल हैं.

कविता ने कहा, “हमें शिकायत मिली थी कि यहां कुछ अवैध खाद जमा है, जिसमें सब्सिडी वाली यूरिया की बोरियां भी हैं. हमें यह भी बताया गया था कि कुछ बोरियों पर सब्सिडी का निशान नहीं है और यूरिया को पूरी तरह से सफेद बोरियों में भरा जा रहा है. इसलिए हम यहां आए और यहां सब्सिडी वाली यूरिया की बड़ी मात्रा मिली, 1,000 से ज्यादा, लगभग 1,400 बोरी, हालांकि अभी सटीक गिनती पूरी नहीं हुई है.”

उन्होंने बताया कि गोदाम में तीन-चार कंपनियों की बोरियां दिख रही हैं. ऐसा लग रहा है कि सब्सिडी वाली यूरिया को इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए यहां रीपैकिंग किया जा रहा था. क्योंकि यहां जो सफेद बैग दिख रहे हैं, उन पर टेक्निकल ग्रेड यूरिया लिखा है, जो सिर्फ इंडस्ट्री में इस्तेमाल होता है.

कविता ने कहा, “मेरी जानकारी से इस गोदाम को लाइसेंस नहीं दिया गया है. यहां पर कोई नाम भी नहीं है कि कौन सा गोदाम है और कौन सी खाद है. जो यूरिया किसानों को दी जानी चाहिए, उसकी यहां इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए रीपैकिंग हो रही थी.” प्रशासन ने गोदाम को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

वीकेयू/पीएम

Leave a Comment