‘कभी कभी’ से ‘दीवार’ तक…अमिताभ बच्चन ने बताया यश चोपड़ा का खास हुनर

Mumbai , 5 अक्टूबर . मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने दिवंगत फिल्ममेकर यश चोपड़ा के साथ काम करने के दिनों को याद करते हुए बताया कि किस तरह वह एक ही समय में बिल्कुल अलग तरह की फिल्मों पर काम कर रहे थे. अमिताभ ने ‘कभी कभी’ और ‘दीवार’ का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों फिल्मों का मिजाज एक-दूसरे से बिल्कुल अलग था, लेकिन यश चोपड़ा ने खुद को और अपने काम के माहौल को जिस तरह बदला, वही उनका सबसे खास हुनर था.

दरअसल, अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में Actor आयुष्मान खुराना अपनी आने वाली फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे. इस दौरान आयुष्मान ने अमिताभ को समर्पित करते हुए मशहूर गाना ‘कभी कभी मेरे दिल में’ गाया. गाना सुनने के बाद अमिताभ पुरानी यादों में खो गए और उन्होंने इस गाने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया.

अमिताभ ने आयुष्मान की तारीफ करते हुए कहा, ”बहुत खूब आयुष्मान और एक बार इनके लिए जोरदार तालियां. थैंक यू, बहुत सारी पुरानी यादें ताजा कर दीं आपने. ये गाना हमारी फिल्म ‘कभी कभी’ का है और ये यश चोपड़ा की फिल्म है. फिल्म की शूटिंग कश्मीर में हुई थी और इसी दौरान मैं यश चोपड़ा की एक और फिल्म ‘दीवार’ पर भी काम कर रहा था. दोनों फिल्मों का अंदाज एक-दूसरे से बिल्कुल अलग था. एक तरफ ‘कभी कभी’ रोमांस और रिश्तों पर आधारित फिल्म थी, वहीं ‘दीवार’ एक गंभीर और इंटेंस कहानी थी.”

अमिताभ ने कहा, ”मुझे यह बात आज भी हैरान करती है कि यश चोपड़ा, जिन्हें रोमांटिक फिल्मों के लिए जाना जाता था, अचानक ‘दीवार’ जैसी बिल्कुल अलग फिल्म बना रहे थे. ‘दीवार’ की शूटिंग खत्म होने के सिर्फ दो दिन बाद ‘कभी कभी’ की शूटिंग शुरू हो गई थी. उन्होंने जिस तरह खुद को और शूटिंग के माहौल को बदला, वह उनके निर्देशन की खासियत थी.”

बता दें कि साल 1975 में रिलीज हुई ‘दीवार’ में अमिताभ बच्चन और शशि कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं. फिल्म एक गरीब परिवार के दो भाइयों की कहानी थी, जिनकी जिंदगी आगे चलकर उन्हें कानून के दो अलग-अलग रास्तों पर खड़ा कर देती है. फिल्म में नीतू सिंह, निरूपा रॉय, परवीन बाबी, इफ्तेखार, मदन पुरी और सत्येन कप्पू जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे.

इसके अगले साल यानी 1976 में रिलीज हुई ‘कभी कभी’ एक रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा थी. फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ वहीदा रहमान, शशि कपूर, राखी, ऋषि कपूर और नीतू सिंह नजर आए थे.

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर हो रहा है.

–

पीके/एएस

Leave a Comment