उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 : 2022 में भाजपा ने गाजियाबाद जिले में किया क्लीन स्वीप, पाचों सीटों पर जीते प्रत्याशी

Lucknow, 29 अक्टूबर . उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए राज्य के गाजियाबाद जिले की राजनीति में हलचल तेज है. 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गाजियाबाद की सभी पांचों सीटों पर क्लीन स्वीप किया था. इस बार भाजपा नीत एनडीए गठबंधन में राष्ट्रीय लोकदल भी शामिल है, जबकि कांग्रेस और Samajwadi Party (सपा) साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी में है.
गाजियाबाद जिले में कुल पांच विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद सदर और मोदीनगर शामिल हैं. 2022 में सपा और लोकदल के बीच गठबंधन था, जिसमें लोकदल को लोनी, मुरादनगर और मोदीनगर सीटें मिली थीं. हालांकि, भाजपा को जीत मिली.
2022 के विधानसभा चुनाव में लोनी सीट पर भाजपा के नंदकिशोर गुर्जर 8 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीते थे. उन्होंने लोकदल के मदन भैया को हराया था. जहां नंदकिशोर गुर्जर को कुल 1,27,410 वोट हासिल हुए, वहीं लोकदल प्रत्याशी को 1,18,734 वोट मिले. बसपा ने अखिल और कांग्रेस पार्टी ने मोहम्मद यमीन मलिक को प्रत्याशी बनाया था. पिछले चुनाव में इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवार थे.
इसी तरह मुरादनगर में भाजपा के अजीत पाल त्यागी ने विजय हासिल की, जिन्होंने लोकदल के सुरेंद्र कुमार मुन्नी को 97 हजार से अधिक वोटों से हराया था. अजीत पाल त्यागी के पक्ष में कुल 1,69,290 मतदाताओं ने वोट डाला था और लोकदल प्रत्याशी को कुल 72,195 वोट मिले. बसपा के अयूब खान 20,589 वोटों के साथ तीसरे और कांग्रेस के वीरेंद्र यादव 7,055 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे. यहां भी 2022 में कुल 10 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा.
साहिबाबाद में सुनील कुमार शर्मा ने भाजपा के टिकट पर 2.14 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीता था. उन्होंने Samajwadi Party के प्रत्याशी अमरपाल शर्मा को हराया. सुनील कुमार शर्मा को कुल 3,22,882 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी के खाते में कुल 1,08,047 पड़े. बसपा ने अजित कुमार पाल और कांग्रेस ने संगीता त्यागी को प्रत्याशी बनाया था.
गाजियाबाद सीट पर भाजपा के अतुल गर्ग ने 1.05 लाख से अधिक वोटों के अंतर से Samajwadi Party के विशाल वर्मा को मात दी थी. अतुल गर्ग को कुल 1,50,205 वोट मिले और सपा प्रत्याशी को कुल 44,668 वोट हासिल हुए. अन्य सीटों की तरह यहां भी बसपा और कांग्रेस क्रमश: तीसरे और चौथे नंबर पर रहीं. 2022 में कुल 14 प्रत्याशियों ने गाजियाबाद में किस्मत आजमाई थी.
वहीं, मोदीनगर में भी भाजपा ने पिछली बार परचम लहराया. पार्टी की मंजू सिवाच ने सबसे अधिक 1,13,349 वोट हासिल किए, जबकि लोकदल प्रत्याशी सुदेश शर्मा 78,730 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे. बसपा प्रत्याशी पूनम गर्ग और कांग्रेस की प्रत्याशी नीरज कुमारी समेत पिछली बार कुल 7 प्रत्याशियों ने मोदीनगर सीट से चुनाव लड़ा.
–
डीसीएच/एबीएम


